मध्य प्रदेश

बिजली विभाग की अपील,बिजली बिल जमा कर मनाएं त्यौहार

बकाया बिलों के चलते कई ट्रांसफार्मर बंद, उपभोक्ताओं से तत्काल भुगतान की अपील
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
जबेरा । मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं से बकाया राशि का भुगतान करने की अपील की है। विभाग के अनुसार लगातार बढ़ रही बकाया राशि के कारण राजस्व वसूली प्रभावित हो रही है, जिसका असर विद्युत व्यवस्था के संचालन, रखरखाव, लाइन सुधार और ट्रांसफार्मरों के संधारण पर पड़ सकता है।
बकाया राशि की वसूली के लिए वितरण केंद्र प्रभारियों द्वारा विभिन्न ग्रामों में विशेष शिविर लगाकर उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए प्रेरित किया गया। अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने पर अधीक्षण अभियंता दमोह के निर्देशन में अत्यधिक बकाया वाले ट्रांसफार्मरों को अस्थायी रूप से बंद करने की कार्रवाई शुरू की गई है।
बटियागढ़ वितरण केंद्र के अंतर्गत सीगोन, रूसंदो, रामनगर, खैजरा, गढ़ोलाखांडे और सेमरा रामनगर में कई ट्रांसफार्मरों से जुड़े उपभोक्ताओं पर लाखों रुपये की बकाया राशि लंबित होने के कारण संबंधित ट्रांसफार्मर बंद किए गए हैं। इनमें रूसंदो के तीन ट्रांसफार्मरों से जुड़े 97 उपभोक्ताओं पर 12.35 लाख रुपये से अधिक तथा सेमरा रामनगर के दो ट्रांसफार्मरों से जुड़े 113 उपभोक्ताओं पर 10 लाख रुपये से अधिक की राशि बकाया बताई गई है।
इसी तरह हिनौता वितरण केंद्र के ग्राम जोधा टोला में दो ट्रांसफार्मरों पर करीब 2.16 लाख रुपये की बकाया राशि के चलते दोनों ट्रांसफार्मर बंद किए गए।
नोहटा वितरण केंद्र के अंतर्गत पीपर खिरिया, घटकुआ, पटी नंदलाल और खदान टोला में भी बकाया राशि के चलते संबंधित ट्रांसफार्मरों को बंद करने की कार्रवाई की गई है।
हटा ग्रामीण वितरण केंद्र के अंतर्गत भरोटा, सनकुईया, नीमी, खेरी रामदास और बिलखर्वा में भी कई ट्रांसफार्मर बकाया राशि के कारण बंद किए गए हैं। वहीं बांदकपुर क्षेत्र के ग्राम टिकरी बुजुर्ग में भी बकाया राशि लंबित होने के कारण ट्रांसफार्मर बंद किया गया है।
विद्युत कंपनी ने कहा है कि उपभोक्ताओं से प्राप्त राजस्व ही विद्युत व्यवस्था के संचालन और विकास का प्रमुख आधार है। समय पर बिलों का भुगतान नहीं होने से विद्युत लाइनों के रखरखाव, ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन, नई विद्युत अधोसंरचना तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति से जुड़े कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
अधीक्षण अभियंता दमोह ने आगामी रक्षाबंधन, जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी पर्वों को देखते हुए बकायादार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने लंबित बिजली बिलों का तत्काल भुगतान करें, ताकि ट्रांसफार्मर बंद करने जैसी स्थिति उत्पन्न न हो और त्यौहार के दौरान विद्युत आपूर्ति सुचारु बनी रहे।

Related Articles

Back to top button