सुलभ कांप्लेक्स से लेकर पेयजल और नालियों तक, समस्याओं के समाधान को लेकर युवाओं ने उठाई आवाज
सरपंच को सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन, तत्काल सुलभ कांप्लेक्स शुरू कराने का मिला आश्वासन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। ग्राम पंचायत उमरियापान की विभिन्न स्थानीय समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर युवाओं ने सोमवार को ग्राम पंचायत पहुंचकर सरपंच अटल व्यौहार को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा । युवाओं ने सुलभ कॉम्प्लेक्स शुरू कराने, न्यू बस स्टैंड की सफाई व्यवस्था, नियमित पेयजल सप्लाई, श्मशान घाट में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नालियों की मरम्मत और सफाई सहित अन्य समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग रखी ।
ज्ञापन की पहली मांग उमरियापान में निर्मित सुलभ कॉम्प्लेक्स को तत्काल शुरू कराने की रही । युवाओं ने कहा कि निर्माण पूरा होने के बावजूद कॉम्प्लेक्स का संचालन शुरू नहीं होने से आम नागरिकों को परेशानी हो रही है । उन्होंने पंचायत से इसे तत्काल चालू कराने की मांग की ।
दूसरी मांग न्यू बस स्टैंड की सफाई व्यवस्था को लेकर रखी गई । युवाओं ने बताया कि बस स्टैंड क्षेत्र में जगह-जगह कचरा जमा होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी होती है । उन्होंने बस स्टैंड में कचरा संग्रहण के लिए ट्रॉली रखने तथा ट्रैक्टर के माध्यम से प्रतिदिन कचरे का उठाव कर निर्धारित स्थान पर निस्तारण कराने की मांग की ।
तीसरी मांग पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने की रही । युवाओं के अनुसार ग्राम पंचायत के कई वार्डों में चार से पांच दिन के अंतराल पर पेयजल सप्लाई होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है । उन्होंने सभी वार्डों में नियमित रूप से पेयजल सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की ।
चौथी मांग क्यूली श्मशान घाट की व्यवस्थाओं को लेकर रखी गई । युवाओं ने मुक्तिधाम के लिए टीन शेड निर्माण, अधूरी बाउंड्रीवाल को पूर्ण कराने, गेट लगाने तथा श्मशान घाट परिसर में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था कराने की मांग की ।
वहीं पांचवीं मांग ग्राम पंचायत के विभिन्न वार्डों की नालियों को लेकर रही । युवाओं ने बताया कि कई स्थानों पर नालियां टूट चुकी हैं और नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बहता है । उन्होंने क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत कराने के साथ ही नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की ।
*सरपंच ने दिया जल्द कार्रवाई का आश्वासन*
पांच सूत्रीय ज्ञापन पर सरपंच अटल व्यौहार ने युवाओं से चर्चा करते हुए सभी मांगों के निराकरण का आश्वासन दिया । उन्होंने कहा कि सुलभ कॉम्प्लेक्स को तत्काल खुलवाकर शुरू कराया जाएगा । वहीं अन्य मांगों के संबंध में उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद आवश्यक कार्यवाही करते हुए समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जाएगा ।
सरपंच के आश्वासन के बाद युवाओं ने उम्मीद जताई कि पंचायत स्तर की इन मूलभूत समस्याओं का जल्द समाधान होगा और आम लोगों को राहत मिलेगी ।



