मध्य प्रदेश

अधिवक्ताओं ने मनाया प्रतिवाद दिवस, वकीलों के साथ हुई जबलपुर की घटना पर व्यक्त किया रोष

रिपोर्टर : शब्बीर अहमद
बेगमगंज ।
हाई कोर्ट जबलपुर में एक अधिवक्ता की मौत के बाद प्रदर्शन कर रहे वकीलों पर पुलिस द्वारा की गई आक्रमक कार्रवाई के विरोध में अभिभाषक संघ द्वारा अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम का एक ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी के माध्यम से नायब तहसीलदार अताउल्ला खान को सौंप कर प्रतिवाद दिवस मनाते हुए अविलंब कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि अधिवक्ता श्री साहू के साथ विगत दिवस घटित अत्याधिक अवसाद ग्रस्त घटना से इस संघ के सभी अधिवक्ता दुखी एवं क्षुब्ध है तथा उक्त घटना से जबलपुर में रोषित अधिवक्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन के दौरान प्रशासन द्वारा की गई आक्रमक कार्यवाही का विरोध करते है। उक्त घटना से अभिभाषकों में उपजे आक्रोश को देखते हुए संघ के सभी सदस्य सर्कुलेशन में बहुमत से लिए गए निर्णय अनुसार पुलिस और प्रशासन द्वारा की गई कार्यवाही में अधिवक्ताओं के साथ किए गए अभद्र व्यवहार के विरोध में शनिवार को प्रतिवाद दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।
ज्ञापन के द्वारा मांग की गई है कि घटना के संबंध में अविलम्ब उचित कार्यवाही की जाए अन्यथा अधिवक्ता आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में अभिभाषक संघ अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव, बद्री विशाल गुप्ता, सईद कमर खान, नरेंद्र भार्गव, प्रभु नेमा, हेमराज राठौर , आरके नेमा, राजेंद्र कुमार जैन,मोनू यादव, मेहरबान सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिवक्ता शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button