मध्य प्रदेश

उद्घाटन होते ही दरक गई भ्रष्टाचार की दीवारें, जगह-जगह से दरारे आ रही नजर

43.20 लाख की लागत से आरोग्यम उप स्वास्थ्य केन्द्र बरौदा का करवाया गया था निर्माण
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । लोक निर्माण विभाग के द्वारा किसी भी भवन का निर्माण कार्य करवाया जाये और उससे भ्रष्टाचार न हो ऐसा संभव नहीं है। भारी भरकम लागत और जनता की गाढ़ी कमाई को ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की संगामित्ती से लूटा जा रहा है जिसे देखने वाला कोई नहीं है और निर्माण कार्य के कुछ दिनों के अंदर ही भवन में जगह-जगह से दरार आना चालू हो जाती है जो यह प्रमाणित करती है कि संबंधित भवन निर्माण में जमकर निर्धारित मापदंडों की होली खेली गई है ।
इसी तरह का मामला ग्राम बरौदा में देखने को मिला है जहां पर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण म.प्र. शासन के द्वारा उप स्वास्थ्य केन्द्र के भवन का निर्माण कार्य 43.20 लाख की लागत से करवाया गया। उक्त कार्य को करने का ठेका आर.आर. कंस्ट्रक्शन जबलपुर के द्वारा करवाया गया जिसके प्रापराईटरआर आय. है। उक्त भवन में अंदर के कमरों में जगह-जगह दरारे आ गई है जबकि उक्त भवन का लोकार्पण जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों की मौजूदगी में दिनांक 26 अगस्त 2023 को किया गया है। इतने अल्प समय में ही आरोग्यम उप स्वास्थ्य केन्द्र बरौदा जर्जर होकर जगह-जगह से दरारें आ गई है जो अपने आप में सवाल पैदा करता है। इस संबंध में ग्रामीणों के द्वारा भी लोकार्पण के समय यह मामला उठाया गया था लेकिन उनकी बातों को भी अनसुना कर दिया गया। चूंकि लोक निर्माण विभाग के अधीन उक्त भवन का निर्माण करवाया गया है जिसमें संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के द्वारा जमकर भ्रष्टाचार किया गया है जो भवन की गुणवत्ता स्वमेय ही प्रकट कर रही है। लेकिन इस मामले में न तो विभागीय अधिकारियों को मतलब है और न ही ठेकेदार को। किसी भी तरह से निर्माण कार्य पूर्ण दर्शाकर राशि आहरित कर ली गई है। लिहाजा मौके पर जो स्थितियां निर्मित हो रही है इससे यह इंकार नहीं किया जा सकता कि उक्त भवन दो-चार साल चल जाये यह बड़ी बात होगी।
साहब को फोन उठाने का समय नहीं
इस संबंध में जब हरि सिंह, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग कटनी से संपर्क करने की गई तो उनके द्वारा फोन नहीं उठाया गया । जिस तरह से इतने अल्प समय में ही उक्त भवन में जगह-जगह से दरारे आ गई है और निर्धारित मापदंडों को ताक पर रखकर अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के द्वारा जमकर भ्रष्टाचार किया गया जिसकी बानगी उप स्वास्थ्य केन्द्र का भवन खुद कर रहा है। यहां यह विदित रहे कि उक्त भवन अभी गारंटी अवधि में है इसके बाद भी अधिकारियों के द्वारा उक्त भवन की मरम्मत नहीं करवाई जा रही है ।

Related Articles

Back to top button