मध्य प्रदेश

पकरिया में विक्रय हो गई शासकीय भूमि, हटा जनपद में पदस्थ इंजीनियर ने 7 लाख में खरीदी शासकीय संपत्ति

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत पचपेढ़ी के ग्राम पकरिया में एक व्यक्ति के द्वारा शासकीय भूमि को ही विक्रय कर दिया गया है लेकिन इस मामले की जानकारी प्रशासन को नहीं है । जिस व्यक्ति के द्वारा उक्त शासकीय संपत्ति को खरीदा गया है वह एक शासकीय कर्मचारी है इसके बाद भी नियमों को ताक पर रखकर उसके द्वारा शासकीय संपत्ति क्रय कर ली गई है।
इस संबंध में सूत्रों ने बताया कि राजस्व निरीक्षक मंडल उमरियापान के अंतर्गत आने वाले ग्राम पकरिया के खसरा नम्बर.में व्यापक पैमाने पर शासकीय भूमियों पर कब्जे का प्रयास चल रहा है । इसी क्रम में शासकीय स्कूल पकरिया के सामने पकरिया ग्राम के ही एक व्यक्ति के द्वारा कुंवरलाल पिता शिवलाल को लगभग 7 से 8 लाख रुपये में विक्रय कर दिया गया है, जबकि कुंवरलाल जिला दमोह के हटा जनपद में इंजीनियर के पद पर पदस्थ है । यहां यह स्मरण रहे कि कुंवरलाल जो कि शासकीय कर्मचारी है इसके बाद भी उसके द्वारा बेखौफ शासकीय संपत्ति को खरीदकर मौके पर तेजी से निर्माण कार्य किया जा रहा है जिससे एक ओर तो शासन को राजस्व की हानि हो रही है क्योंकि उक्त संपत्ति की रजिस्ट्री नहीं की गई है बल्कि एक स्टाम्प पेपर में लिखा पढ़ी की गई है जिससे शासन को राजस्व की हानि हुई है। साथ ही शासकीय संपत्ति का विक्रय कर क्रेता एवं विक्रेता के द्वारा विधि विरुद्ध कृत्य किया गया है जो एक दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है ।
तेजी से चल रहा निर्माण कार्य
शासकीय भूमि को खरीदने वाले व्यक्ति के द्वारा मौका पर व्यापक रुप से निर्माण कार्य किया जा रहा है जिससे जल्द ही उक्त शासकीय संपत्ति पर भवन का निर्माण किया जा सके। मौके पर उसके द्वारा बाउंड्रीबाल का निर्माण भी कर लिया गया है। यदि राजस्व अधिकारियों के द्वारा मौके पर काम बंद नहीं करवाया जाता तो निश्चित रुप से अतिक्रमणकर्ता के द्वारा वहां पर भवन का निर्माण कर लिया जावेगा ।
इस संबंध में आशीष चतुर्वेदी, नायब तहसीलदार उमरियापान का कहना है कि आपके माध्यम से जानकारी हुई है। किसी भी शासकीय संपत्ति का क्रय-विक्रय नहीं किया जा सकता है। उक्त भूमि के क्रेता एवं विक्रेता को नोटिस जारी किये जायेंगे।

Related Articles

Back to top button