34 दिन शनि अस्त : संक्रमण कम होगा, सबसे ज्यादा फायदा धनु-मीन राशि के जातकों को

ढैय्या या साढ़ेसाती वाले रखें सेहत का खास ध्यान
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। आगामी 21 फरवरी तक शनि इसी स्थिति में रहेगा। साल में सिर्फ एक ही बार बनता है ऐसा योग।अपनी ही राशि मकर में विराजमान शनि ग्रह अस्त हो गया है। साल में ऐसा एक बार ही होता है इसलिए इस खगोलीय घटना को ज्योतिषियों ने काफी अहम माना है। 21 फरवरी तक शनि इसी स्थिति में रहते हुए न सिर्फ सभी राशियों के जातकों को प्रभावित करेंगे, बल्कि न्याय, कृषि, अध्यात्म और राजनीति के क्षेत्र में असर रहेगा।
नौग्रह शनिदेव मन्दिर धाम के पुजारी पण्डित राजू जोशी, सुनील जोशी ने बताया कि जिन पर शनि की ढैय्या या साढ़े साती चल रही है। वे सेहत और न्यायिक मामलों को लेकर सावधानी बरतें। वहीं धनु और मीन राशि वालों को विभिन्न क्षेत्रों में फायदा होगा। पं. राजू जोशी महाराज ने बताया कि शनि 19 जनवरी को सुबह 7:18 बजे से 21 फरवरी को शाम 6:11 बजे तक अस्त रहेंगे।
शनि वायु तत्व का कारक इसलिए कम होगा संक्रमण…..
ज्योतिषी पं ओमप्रकाश शुक्ला ने बताया कि शनि वायु तत्व का कारक ग्रह है। उसके अस्त रहने से वायु से फैलने वाले संक्रमण में कमी आएगी। न्यायिक मामलों में ईमानदार लोगों को शीघ्र न्याय मिलेगा। जिन्हें शनि की महादशा चल रही है। वे सबसे अधिक प्रभावित होंगे। कई राशि के जातकों को शनि के अस्त रहने से लाभ भी होगा। इसका कारण अभी सूर्य का मकर और शनि प्रधान राशि कुंभ में बृहस्पति की मौजूदगी है।
अपनाएं ये ज्योतिषीय उपाय….
हर्ष वर्धन सोलंकी ने बताया कि घर के द्वार पर दीपक जलाएं – कुंडली में शनि अस्त अथवा राहु युक्त है तो रोज शाम को तिल के तेल का दीपक घर के द्वार पर जलाएं।
पीपल की परिक्रमा करें – पीपल के पेड़ की पूजा और परिक्रमा प्रतिदिन सुबह करें। काले उड़द और तिल का जरूरतमंद को दान दें।
मां काली की उपासना करें – मां काली की आराधना करें। उन्हें काले तिल के लड्डू और नारियल चढ़ाएं। हनुमान चालीसा का पाठ करें।
किस राशि पर क्या होगा असर….
मेष- व्यवसाय संबंधी परेशानी, दुर्घटना से बचें, वृषभ- कार्यों में कई तरह की रूकावट, बड़ों की सलाह मानें, मिथुन- सेहत संबंधी दिक्कत, धन लाभ होगा, कर्क- दाम्पत्य सुख में कमी, वाणी पर संयम रखें, सिंह- विरोधियों से सावधान रहें, काम में मन लगाएं, कन्या- संतान को कष्ट, सेहत पर ध्यान दें, तुला-गलत आरोप लग सकते हैं, सावधान रहें, वृश्चिक- परिवार के सदस्यों से मेलजोल रखें, धनु- धन लाभ, सेहत में सुधार, मकर- कर्ज न लें, आय में कमी, कुंभ- खर्च में कटौती करें, विवादों से बचें, मीन- पदोन्नति के अवसर मिलेंगे, आय बढ़ेगी।


