किसान बिजली ट्रांसफार्मर से परेशान
मेडिकल एवं इंजीनियरिंग कॉलेज नहीं मिला
पेयजल पर असफल नगर निगम
मुख्यमंत्री आगमन पर कांग्रेस ने असफलता गिनाई
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कटनी जिले के बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र के बडगांव रीठी में 27 जुलाई के आगमन पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष करण सिंह चौहान ने पत्र लिखकर कटनी जिले की प्रमुख मांगो एवं ज्वलंत समस्याओं असफलताओं पर सवाल खड़े करते हुए निराकरण हेतु कलेक्टर कटनी के माध्यम से पत्र प्रेषित किया है ।
पत्र में 7 बिंदुओं बिंदुओं पर विशेष रूप से ध्यान आकर्षित कराया गया है जिस पर मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार एवं कटनी जिले के प्रशासन अभी तक असफल रहा है ।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष करण सिंह चौहान ने पत्र में ध्यानाकर्षण कराया है कि कटनी जिले में गत 20 – 25 दिनों से वर्षा नहीं होने के कारण किसानों को धान की खेती में बड़ी समस्या का सामना करना पड़ रहा है शासन की असफलता के कारण कटनी जिले के अधिकतर गांव में किसानों को मात्र 4-5 घंटे बिजली मिल रही है जिससे उनकी फसल चौपट होने की कगार पर है ।
कटनी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के अधिकतर ट्रांसफार्मर खराब है जिससे किसान सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं शासन ट्रांसफार्मर बदलने में असफल है किसान हैरान एवं परेशान है ।
कटनी जिले में घटिया खाद एवं बीज विक्रय से किसान ठगा महसूस कर रहा है जिसकी तत्काल जांच की अपेक्षा कटनी जिले की जनता आप से कर रही है ।
कटनी जिले की बहुप्रतीक्षित मांग कटनी मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के उप कार्यालय की घोषणा का इंतजार आपके कटनी आगमन पर कटनी जिले की जनता कर रही है ।
कटनी देश के प्रमुख रेल जंक्शन रेल यार्ड एवं चार रेलवे स्टेशन वाला एकमात्र रेल जंक्शन है जहां पर ट्रेनों को साफ सफाई हेतु वाशिंग पिट की स्थापना पूर्व के वर्षों में थी जो कई वर्षों से बंद है आपसे आग्रह है कि प्रधानमंत्री जी एवं रेल मंत्री जी से चर्चा कर कर पुराने बंद पड़े वाशिंग पिट का नव निर्माण कर प्रारंभ कराने की कार्रवाई की घोषणा करें जिससे कटनी से महानगरों तक ट्रेन प्रारंभ हो सके।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष करण सिंह चौहान ने कटनी जिले में गांव-गांव बिक रही अवैध शराब के कारण छात्राओं व महिलाओं को घर से निकलना दूभर हो रहा है । कटनी प्रदेश का अवैध शराब, जुआ,सट्टा,स्मैक का प्रमुख अड्डा बन गया है ।
कटनी की कटाई घाट बैराज में पानी होने के बाद भी कटनी शहर की जनता को सप्ताह में 2 दिन पानी उपलब्ध हो रहा है। आखिर क्यों कृपया जांच के आदेश दे।
पिछले 20 वर्षों से कटनी में नर्मदा जी का जल पहुंचाने में शासन अभी तक असफल क्यों है आपके द्वारा तत्काल जांच के आदेश की घोषणा का हम सबको इंतजार है ।



