मध्य प्रदेश

युवक की मौत का जिम्मेदार बता ग्रामीण को पीटा, भागने लगा तो तालाब में गिरने से मौत

सरपंच पति पर हत्या का आरोप, हाईवे पर चक्काजाम
रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ । टीकमगढ़ में शनिवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान फिश नेट में पैर फंसने से एक युवक की मौत हो गई। घटना से गुस्साए सरपंच पति ने फिश नेट लगाने वाले शख्स पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मारपीट की। वह बचने के लिए भागा और पानी में कूद गया। रविवार सुबह उसका शव मिला। घटना बम्होरी कला थाना क्षेत्र के दिनऊ गांव की है।
बम्होरी कला थाना प्रभारी रश्मि जैन ने बताया कि शाम को कमलेश अहिरवार उम्र 19 साल मूर्ति विसर्जन के लिए तालाब गया था। विसर्जन के दौरान वो गहरे पानी में चला गया। जहां मछली के जाल में उसका पैर फंस गया। लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। इसी घटना को लेकर मथुरा रैकवार उम्र 50 साल से मारपीट की गई। घटना से गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस फोर्स भी तैनात की गई है।
युवक की मौत से गुस्साए सरपंच पति ने की थी पिटाई
बताया जा रहा है कि फिश नेट में पैर फंसने से हुई कमलेश की मौत को लेकर सरपंच पति बच्चा यादव गुस्से में मथुरा रैकवार उम्र 50 साल के पास पहुंचा और उसे पकड़ लिया। आरोप लगाया कि मछली पकड़ने के लिए उसने तालाब में जाल डाल रखा है। इसी में कमलेश फंस गया।
यह कहते हुए बच्चा यादव ने मथुरा की पिटाई कर दी। सरपंच पति से बचने के लिए मथुरा भागते हुए तालाब में कूद गया। सुबह मथुरा का शव तालाब में मिला। वहीं, कमलेश अहिरवार का शव पुलिस ने शनिवार शाम को तालाब से निकलवा लिया था।
*परिजन बोले- सरपंच पति ने मारपीट कर फेंका*
मृतक मथुरा रैकवार के परिजन का आरोप है कि सरपंच पति बच्चा यादव ने कुछ लोगों के साथ मिलकर मारपीट की और उसे तालाब में फेंक दिया था। परिजन रात भर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन वह नहीं मिला। उन्होंने बच्चा यादव समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
जतारा-मउरानीपुर हाईवे पर किया चक्काजाम घटना के बाद रविवार दोपहर करीब 3 बजे मृतक मथुरा रैकवार के परिजन ने जतारा-मऊरानीपुर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। इस प्रदर्शन में महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। मौके पर पुलिस बल भी मौजूद है।
सरपंच पति गिरफ्तार, साले पर भी केस दर्ज घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। मौके भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बम्होरी कला थाना प्रभारी रश्मि जैन ने बताया कि शनिवार रात मथुरा रैकवार के परिजनों ने मारपीट और गुमशुदगी की शिकायत की थी। इस आधार पर बच्चा यादव और उसके साले गोकुल यादव के खिलाफ मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया गया।
परिजन के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी। बच्चा यादव को निवाड़ी जिले से गिरफ्तार किया गया है।

Related Articles

Back to top button