मध्य प्रदेश

ग्राम पंचायत सचिव का वेतन और दो इंक्रीमेंट रोकने के निर्देश

ग्राम पंचायत खैरीकलां पहुंचे कलेक्टर
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
नरसिंहपुर ।
ग्राम पंचायत खैरीकलां आयोजित प्रोजेक्ट निदान शिविर में पहुंचकर कलेक्टर रोहित सिंह ने लोगों की समस्यायें सुनी और निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। यहां स्कूली विद्यार्थियों ने स्कूल के रास्ते में पाड़ाझिर नदी के कारण होने वाली परेशानी बताई और पुल बनवाने का आग्रह किया। इस पर कलेक्टर ने ईई आरईएस को पुल निर्माण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये। ईई आरईएस ने बताया कि पुल निर्माण का प्रस्ताव भोपाल भेजा गया है। कलेक्टर ने विद्यार्थियों की पढ़ाई की वैकल्पिक व्यवस्था निकटतम स्कूल में कराने के लिए डीपीसी को निर्देशित किया। ग्रामवासियों ने वॉटर सप्लाई के जल स्रोत- बोर के आसपास साफ- सफाई नहीं होने और गंदगी की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए ग्राम पंचायत सचिव का वेतन और दो इंक्रीमेंट रोकने के निर्देश दिये। साथ ही ग्राम में अविलम्ब साफ- सफाई के लिए निर्देशित किया। ग्राम पंचायत की विभिन्न सामग्री पूर्व सरपंच के रखी होने की ग्रामवासियों की शिकायत पर कलेक्टर ने जांच कराने के निर्देश तहसीलदार को दिये। नि:शक्त श्री गिरजा प्रसाद प्रजापति ने मोहल्ले में कीचड़ होने और पानी की निकासी नहीं होने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने सीईओ जनपद को समुचित व्यवस्था कराने के लिए निर्देशित किया।
शिविर में आये आवेदनों के आधार पर कलेक्टर ने एक नवीन आंगनबाड़ी एवं बरकुंडा में एक रपटा पुल बनवाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये। उन्होंने नवीन शौचालय के 15 आवेदनों एवं तीन प्रधानमंत्री आवास बनवाने के आवेदन पर आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। शिविर में पात्रता के आधार पर बीपीएल के 23 आवेदन स्वीकृत किये गये।

Related Articles

Back to top button