मध्य प्रदेश

उमरियापान पुलिस ने 5 वर्षीय मासूम को ढूंढकर कुछ ही घंटों में परिजनों से मिलाया

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनसेवा और मानवीय संवेदनाओं का भी परिचय देती है । इसका ताजा उदाहरण उमरियापान पुलिस ने पेश किया है, जहां रास्ता भटककर अकेले घूम रहे 5 वर्षीय मासूम को पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर सुरक्षित ढूंढकर उसके परिजनों से मिला दिया । अपने बच्चे को सही-सलामत पाकर माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े ।
महनेर में भटकता मिला बच्चा
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पंचायत महनेर में एक 5 वर्षीय बालक अकेला घूम रहा है और अपना रास्ता भूल गया है । सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक महेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई । डायल 112 की मदद से बच्चे को सुरक्षित थाने लाया गया ।
पुलिस के अपनत्व से दूर हुआ डर
थाने में अनजान माहौल देखकर बच्चा सहमा हुआ था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे डराने के बजाय प्यार और दुलार से बात की । आत्मीय व्यवहार से बच्चे का डर दूर हुआ और उसने अपने गांव का नाम ‘कोठी’ बताया ।
समन्वय से मिला परिवार
बच्चे से मिली जानकारी के आधार पर उमरियापान पुलिस ने तुरंत ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कोठी में संपर्क किया । पुलिस की सक्रियता से कुछ ही समय में बच्चे के परिजनों का पता चल गया । थाने पहुंचे माता-पिता ने अपने बच्चे को सुरक्षित देखकर राहत की सांस ली । आवश्यक तस्दीक के बाद पुलिस ने मासूम को परिजनों के सुपुर्द कर दिया ।
वरिष्ठ अधिकारियों का रहा मार्गदर्शन
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष ढेरिया तथा एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी का मार्गदर्शन रहा ।

Related Articles

Back to top button