डीजल के दाम बढ़ने से सब्जियों के भाव बढ़े, आमजन के घर का बिगड़ा बजट, रोटी-सब्जी खाने में भी आ रही परेशानी

सिलवानी। अभी कुछ दिनो में डीजल के दामों में हुई बढ़ोत्तरी के बाद लोड़िंग वाहनों का किराया बढ़ने से सब्जियों के दामों में भी खासी बढ़ोत्तरी हो गई है। ऐसे में घर में महिलाओं का किचिन का बजट पूरी तरह से गड़बड़ा गया है। पिछले 15 दिनों में सब्जियों के दाम तकरीबन 2 गुना तक बढ़ गए हैं। इस वजह से अब लोग सब्जियां खाने में भी कंजूसी करने लगे है। टमाटर, परवल, भिंडी, टिंडा, बैंगन, शिमला मिर्च और गोभी जैसी सब्जियों की कीमत भी लोगों के बजट से बाहर हो गई है। लोगों का कहना है कि महीने भर पहले एक दिन की सब्जी 100 रुपये में आ जाती थी, लेकिन अब वही सब्जी 200 रुपए में भी पूरी नहीं आ पाती। ऐसे में हरी सब्जियों से लोग दूरी बनाने में लगे हंै।
सब्जियों के अलावा हर खाने की वस्तुओं के दामों में तेजी
डीजल के दाम बढ़ने से अकेले सब्जियों के नहीं, बल्कि खाने की हर वस्तु जैसे तेल, दालें, मसाले, दूध, दही, पनीर आदि सभी के दाम डेढ़ गुने हो गए है। जो पुरानी कहावत थी कि दाल-रोटी से काम चला लेंगे, उस कहावत को भी पूरी करने में आम आदमी का सब कुछ जा रहा है। कई लोग तो बमुश्किल ही अपने घर में खाने-पीने की वस्तुएं ला पा रहे हैं। ऐसे में अगर समय रहते दाम कम नहीं हुए तो लोगों को अपना पेट पालने तक में काफी परेशानी होगी।



