छात्र छात्राओं को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह देंगे बड़ा तोहफा, 90 हजार से अधिक के खाते में भेजे जाएंगे 25000 रूपए

भोपाल । मध्यप्रदेश में मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप खरीदने के लिए राशि का वितरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान 3 अक्टूबर को मेघावी छात्र-छात्राओ को लैपटॉप खरीदने के लिए राशि ट्रांसफर करेंगे। हायर सेकंडरी स्कूल परीक्षा (12वीं कक्षा) में 75% से अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओ के खाते में सिंगल क्लिक के माध्यम से 25 हजार रुपए भेजे जाएंगे।
भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जहां मध्यप्रदेश के 91,617 मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप खरीदने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा राशि का वितरण किया जाएगा। मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना में मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा हायर सेकंडरी स्कूल परीक्षा (कक्षा 12वीं) की परीक्षा में मेघावी छात्र, अनुसूचित जाति जनजाति सहित आदि घुमक्कड़ जाति के छात्रों को 75% से अधिक अंक लाने पर लैपटॉप खरीदने के लिए राशि प्रदान की जाती है।
हर वर्ष 20000 से अधिक छात्रों के बैंक खाते में लैपटॉप खरीदने के लिए राशि भेजे जाते हैं। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से मुख्यमंत्री राशि का वितरण करते हैं। कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा वर्ष 2021-22 के कक्षा 12वीं के 75% से अधिक अंक लाने वाले मेघावी छात्रों के बैंक खाते 20 सितंबर तक अनिवार्य रूप से मांगे गए थे।
2008 में शुरू हुई इस योजना में 75% अंक लाने वाले छात्रों को लैपटॉप दिया जाता था लेकिन मध्य प्रदेश सरकार द्वारा योजना में बदलाव किया गया था। जिसके बाद 85% से 12वीं पास करने वाले छात्रों को लैपटॉप के लिए 25000 भेजे जाते हैं।



