आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत आंगनवाड़ी केंद्र में हुआ वृक्षारोपण

सिलवानी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 26 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक “आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम” का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 2 अक्टूबर को परियोजना सिलवानी के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों, महिलाओं, अभिभावकों एवं समुदाय की सहभागिता से विविध गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को जनसामान्य से जोड़ने के साथ बच्चों एवं महिलाओं को विभागीय सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। निर्धारित थीम के अनुसार आंगनवाड़ी केंद्रों पर रचनात्मक गतिविधियों, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, स्वच्छता जागरूकता तथा समुदाय की सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में आंगनवाड़ी केंद्र खमरिया मानपुर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्र परिसर में मुनगा के पौधे लगाए गए तथा पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों के महत्व का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच बालमुकुंद आदिवासी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता जमुना बाई, आशा कार्यकर्ता रजनी राठौर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से समुदाय को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।



