मध्य प्रदेशहेल्थ

सहयोगी फाउंडेशन के शिविर में उमड़े मरीज, 50 गांवों के 200 लोगों की हुई निःशुल्क जांच

​सागर के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दिया परामर्श; बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उठाया लाभ
​ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सहयोगी फाउंडेशन सुल्तानगंज द्वारा मानवता की सेवा के संकल्प के साथ एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन रामरसिया मेडिकल स्टोर पर किया गया। इस शिविर में स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए सुल्तानगंज सहित आसपास के लगभग 50 गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। पूरे दिन चले इस शिविर में लगभग 200 मरीजों का पंजीयन कर उनके स्वास्थ्य की जांच की गई और उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
शिविर में विशेष रूप से सागर से आए ख्याति प्राप्त डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं। इसमें मेडिसन विशेषज्ञ डॉ. मनीष सर्राफ, नवजात शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र एस. चौहान, डॉ. विजयदीप, डॉ. संजय प्रसाद एवं डॉ. मोनिका निभनानी शामिल रहे। डॉक्टरों ने मरीजों की बारीकी से जांच कर उन्हें गंभीर बीमारियों से बचाव के उपाय बताए।
​निरंतर सेवा का संकल्प
सहयोगी फाउंडेशन के डॉ शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि संस्था एक समाजसेवी इकाई के रूप में क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव को देखते हुए इस शिविर का निर्णय लिया गया था ताकि लोगों को घर के पास ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह मिल सके। फाउंडेशन भविष्य में भी इस तरह के जनहितैषी कार्य जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है। हम रामरसिया मेडिकल स्टोर के संचालक हरिओम यादव का इस कार्यक्रम में सहयोग के लिए धन्यवाद करते हैं।
​खास बात यह रही कि शिविर में पहुंचे मरीजों को न केवल परामर्श दिया गया, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित भी किया गया। इस दौरान फाउंडेशन के माधव सिंह, शिवम राजा, चंद्रभान यादव, यशपाल सिंह सहित क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button