असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक विजयादशमी पर्व परंपरागत रूप से मनाया गया
51 फीट ऊंचे रावण का रंगीन आतिश बाजी के साथ किया गया दहन,
विभिन्न प्रकार की झांकियां ने लोगों का मन मोहा,
लड़कियों का अखाड़ा भी हुआ शामिल दिखाएं करतब
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । रायसेन जिले के बेगमगंज में असत्य पर सत्य की विजय का महापर्व विजयादशमी पर्व दशहरा शहर में विशेष भव्यता और दिव्यता के साथ मनाया गया। बजरिया मंदिर से दोपहर 12 बजे कार्यक्रम की शुरुआत की गई जहां पूजा अर्चना उपरांत हिंदू उत्सव समिति की ओर से संरक्षकों पूर्व अध्यक्षों संचालकों अखाड़े के उस्तादों आदि का फूल माला पगड़ी बांधकर स्वागत किया गया। तत्पश्चात दशहरा का चल समारोह शुरू हुआ जिसमें आकर्षक रामदल की शोभायात्रा, ऊंट और घोड़े पर नृत्य प्रदर्शन, विराट हनुमान जी की हैदराबाद से झांकी, शेर डांस, उज्जैन की भूत मंडली, इंदौर की प्रसिद्ध डमरु झांझ पार्टी, काली और विष्णु अवतार की झांकियां, शिवजी की भव्य झांकी, महाराष्ट्र के ढोलताशा का प्रदर्शन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
वहीं शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न अखाड़े शामिल हुए जिनमें युवाओं ने लेझम, तलवारबाजी, नेजा बाजी, कतरना, लाठी आदी के विभिन्न कर्तव्य दिखाकर लोगों को दांतो तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। लड़कियों का अखाड़ा भी सिर पर पगड़ी बांधकर शामिल हुआ जिन्होंने लेझमों के विभिन्न कर्तव्य दिखाएं।
बारूद से चलने वाली तोपों का प्रदर्शन और डायनासोर की झांकी ने चल समारोह को और भी खास बना दिया। पुराना बस स्टैंड पर हिंदू युवा सेवा दल और जैन समाज द्वारा स्वागत समारोह आयोजित किया गया वहीं विभिन्न स्थानों पर शीतल जल की व्यवस्था की गई नवाब ब्रदर्स द्वारा भी शीतल पेयजल उपलब्ध कराया गया।
दशहरा मैदान में विभिन्न अखाड़ों के युवाओं ने जहां हैरतअंगेज करतब दिखाए वही घुड़ सवारों ने भी अपनी कला के रंग बिखेरे।
मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री ठाकुर रामपालसिंह राजपूत अध्यक्षता कर रहे संतोष जैन कंडया, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी
द्वारा हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष संतोष राय, महामंत्री महेश नेमा व अन्य पदाधिकारीयों के साथ श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान जी की आरती उतारी और राम रावण युद्ध शुरू हुआ जिसे देखने के लिए काफी तादाद में लोग ग्राउंड में पहुंच गए।
श्री राम रावण युद्ध के उपरांत 51 फीट ऊचें रावण के पुतले का दहन किया गया जिसमें से निकली रंग बिरंगी आतिशबाजी से पूरा वातावरण जगमग हो गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत, विशिष्ट अतिथि नपा अध्यक्ष संदीप लोधी, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेंद्र सिंह तोमर, नगर मंडल अध्यक्ष कमल साहू, पार्षद संदीप विश्वकर्मा ने अपने-अपने संबोधन में विजयदशमी पर्व की महत्वता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दशहरा का पर्व असत्य पर सत्य की जीत और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस दिन 10 दिन से चलने वाले युद्ध में मां दुर्गा ने महिषासुर का वध कर दिया था और श्री राम ने रावण का अंत करके लंका पर विजय प्राप्त की थी। श्री राम के जीवन व विचारों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया और कहा कि श्री राम का आदर्श व्यक्तित्व हमारी संस्कृति का आधार है रामायण में निहित सामूहिकता और सामाजिक समरसता का अनुकरणीय संदेश मानवता के लिए एक प्रकाश पुंज के समान है। अभी ने इस अवसर पर क्षेत्र वासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रदीप सोनी शून्य एवं आदित्य श्रीवास्तव ने किया एवं आभार प्रदर्शन महामंत्री महेश नेमा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर लोगों ने शस्त्र पूजा भी की थाना परिसर में एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव थाना प्रभारी संतोष सिंह ठाकुर एवं पुलिस स्टाफ द्वारा शस्त्र पूजन किया गया।
राजस्व एवं पुलिस प्रशासन नगर रक्षा समिति वन विभाग कर्मचारी पूरी शिद्दत के साथ व्यवस्थाओं को अंजाम देते नजर आए।
एसडीएम सौरभ मिश्रा तहसीलदार एसआर देशमुख, एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव टीआई संतोष सिंह ठाकुर ने भी सभी लोगों को विजयदशमी पर्व की शुभकामनाएं दी।



