मध्य प्रदेश
नगर में सर्दी बढ़ते ही तिल-गुड़ के लड्डू एवं गजक की बढ़ गई मांग

सिलवानी। सर्दी का असर बढ़ने के साथ ही लोगों की दिनचर्या के साथ खान-पान में भी बदलाव आने लगा है। ठंड से बचाव और ऊर्जा के लिए लोग पारंपरिक सर्दियों के खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता दे रहे हैं। तिल-गुड़ के लड्डू, मूंगफली के लड्डू, गजक, रेवड़ी, चिक्की और खजूर की मांग बढ़ने लगी है। वहीं घरों में भी गोंद, सोंठ, मखाना और सूखे मेवों से बने लड्डू तैयार किए जा रहे हैं। सुबह के नाश्ते
से लेकर शाम की चाय तक सर्दियों के इन खास स्वादों ने बाजार और रसोई में जगह बना ली है। नगर के बाजारों में गजक, खजूर, ड्रायफ्रूट और अलग-अलग प्रकार के लड्डुओं की दुकानें सजने लगी हैं। दुकानदार ग्राहकों के लिए कई तरह की वैरायटी उपलब्ध करा रहे हैं। इनमें तिलपट्टी, मूंगफली चिक्की, ड्रायफ्रूट, पापड़ी, रेवड़ी, तिल-गुड़ के लड्डू और मेवे से तैयार मिठाइयां शामिल हैं।



