नेताओं की घोषणाएं नही हुई पूरी, शिलालेख चिढ़ा रहे मुंह
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । शिलान्यास के 17 साल बाद भी उत्कृष्ट स्कूल में पुस्तकालय एवं प्रयोग शाला भवन, तो 20 साल से जनपद परिसर में श्रीमत माधवराव सिंधिया शापिंग काम्पलेक्स की स्वीकृति नहीं मिल सकी। जिनके शिलालेख आज भी लोगो को मूह चिढ़ा रहे हैं वहीं खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए स्टेडियम की स्वीकृति के बाद भी आज तक काम शुरू नहीं हो पाया है जबकि राजस्व विभाग द्वारा भूमि भी आवंटित कर दी गई है।
17 अक्टूबर 05 को मप्र शासन के तत्कालीन पीएच ई मंत्री का रामपाल सिंह राजपूत अध्यक्ष एवं एसडीएम रविशंकर पटले, प्राचार्य यनुस खान एवं पालक शिक्षक संघ अध्यक्ष राजेन्द्र मुखरैया आदि ने उत्कृष्ट विद्यालय के मैदान में छात्र हित को ध्यान में रखते हुए प्रयोग शाला एवं पुस्तकालय का निमार्ण कराये जाने हेतु शिलान्यास किया था । लेकिन 17 साल के बाद भी उक्त पुस्तकालय एवं प्रयोग शाला भवन की फायल कचरे के ढेर में दब गई मगर उसे स्वीकृति नहीं मिली। ऐसा नहीं है कि इस दौरान शिलान्यास करने वाले उत्कृष्ट स्कूल न आए हो और उन्हें उनके द्वारा की गई घोषणा को याद न दिलाया गया हो छात्रों ने कई बार उन्हें याद दिलाया कि उनकी घोषणा मूर्तरूप लेने के लिए छटपटा रही है।
वही 20 जुलाई 02 को कांग्रेस सांसद श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया के मुख्य अतिथ्य एवं कृषि मंत्री महेन्द्र सिंह कालूखेडा की अध्यक्षता एव राजस्व राज्यमंत्री वीरसिंह रघुवंशी व अन्य के विशिष्ठि जनों के आतिथ्य में श्रीमंत माधवराव सिंधिया शापिंग काम्पलेक्स का शिलान्यास जनपद के परिसर में किया गया। लेकिन उक्त शापिंग काम्पलेक्स जो कि यू आकार में बनाया जाना था उसकी फायले भी दब गई और स्वीकृति नहीं मिली। शिलालेख आज भी अपनी जगह खड़ा आंसू बहा रहा है। श्रीमंत के भाजपा में जाने के बाद कुछ उम्मीदें बंधी थी लेकिन पूरी नहीं हो सकी।
कई शिलान्यास के पत्थर टूट गए – तत्कालीन मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर ने कॉलेज में एमबीबीएस व लॉ की कक्षाएं शुरू कराने की घोषणा आज तक पूरी नहीं हो सकी। दिग्विजय सिंह की सरकार के समय शहर के बाहर चकला नाले पर बायपास मार्ग के लिए लगा बोर्ड भी नदास्त हो गया लेकिन आज तक बायपास के लिए जद्दो जहद कर रहे है लोग लेकिन बायपास की स्वीकृति नहीं मिली। हाऊसिंग बोर्ड के तहत बनने वाले आवास का भूमि पूजन का पत्थर भी गायब आज तक नही बने आवास बीड़ी मजदूरो के लिए 150 आवासों के निर्माण के लिए भूमि चिन्हित करने के बाद भी नहीं बन सके 16 साल में आवास।
क्या कहते है लोग:-
जिला कांग्रेस महामंत्री संदीप विश्वकर्मा ने प्रदेश सरकार को दोषी बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने स्वीकृति नहीं दी। जिस कारण शापिंग काम्प्लेक्स व उत्कृष्ट स्कूल में प्रयोगशाला एवं पुस्तकालय नहीं बन पाया और न ही स्वीकृत खेल स्टेडियम का काम शुरू हो पाया है।
आम आदमी पार्टी के बसंत शर्मा ने कहा कि प्रयास नहीं किए गए क्षेत्र के पूर्व प्रतिनिधी तो श्रेय लेने के लिए आज तक घोषणाएं और भूमि पूजन कर रहे है। एक कार्य का कई बार भूमि पूजन कर देते है इसी का नतीजा है कि आज तक उक्त शिलालेख मुंह चिढ़ा रहे है।
पार्षद एवं ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश यादव ने नेताओं द्वारा घोषणा कर और उन्हें भूलने को पुरानी आदत बताते हुए कहा | कि सरकार नहीं चाहती कि यहां कोई विकास कार्य हो इसलिए कई कार्य अधूरे डले है तो कुछ स्वीकृत ही नहीं हुए। मुख्य मंत्री ने उत्कृष्ट स्कूल मैदान पर स्टेडियम बनवाने की घोषणा की थी वह भी आज तक पूरी नहीं हो सकी तो पुस्तकालय, प्रयोग शाला, शापिंग काम्पलेक्स कहा से बनवाएगें ।
प्रयोग शाला एवं पुस्तकाल के संबंध में उत्कृष्ट स्कूल के प्रभारी प्राचार्य एमएल बघेले का कहना है कि शिलान्यास का पत्थर लगा है। मेरी जानकारी के अनुसार शासन ने भवन निर्माण के लिए स्वीकृति नहीं दी जिस कारण शिलान्यास होकर रह गया। फिर भी इस संबंध में जो भी कार्रवाई हो सकेगी की जाएगी।
शापिंग काम्पलेक्स के संबंध में जनपद सीईओ आशीष जोशी का कहना है कि शापिंग काम्पलेक्स की कार्यवाही पूर्ण हो चुकी हैं 12 दुकानें स्वीकृत हैं जिले से एएस मिलते ही निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा।




