नैतिक मतदान हेतु विद्यार्थी कर रहे सी-विजिल एप डाउनलोड

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह । लोकसभा निर्वाचन 2024 हेतु मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुधीर कुमार कोचर द्वारा दिये गये निर्देशों के तहत स्वीप नोडल अधिकारी एवं सीईओ जिला पंचायत अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में जिले में निरंतर मतदाता जागरूकता हेतु स्वीप गतिविधियों का आयोजन किया जा रह है। इसी क्रम में आज शासकीय कमला नेहरू महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर पी.एल. जैन के मार्गदर्शन में तथा स्वीप प्रभारी बृजेश मौर्य के नेतृत्व में छात्राओं को सी-विजिल एप डाउनलोड कराया गया और उन्हें जानकारी दी गई कि उनके परिवार, आस-पड़ोस एवं ग्रामीण लोगों को सी-विजिल एप से परिचित कराये ताकि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन होने की स्थिति में एप के माध्यम से शिकायत कर समस्या को निर्वाचन आयोग के समक्ष प्रस्तुत कर उसका निराकरण प्राप्त किया जा सके। इस दौरान 500 से अधिक छात्राओं ने सी-विजिल एप डाउनलोड किया।विदित है कि इलेक्शन कमीशन द्वारा सी-विजिल एप का निर्माण किसी भी तरह की निर्वाचन से संबंधित समस्याओं एवं आदर्श आचरण संहिता के उल्लंघन होने के निराकरण हेतु किया गया है।



