धार्मिक

श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर निकली भव्य कावड़ यात्रा

देवों के देव महादेव का जलाभिषेक, श्रद्धालुओं ने लिया पुण्य लाभ
सिलवानी। सावन मास के पावन अवसर पर श्री सीताराम संकीर्तन सेवा समिति, सिलवानी के तत्वावधान में रविवार को मां नर्मदा तट, बोरास से एक विशाल कावड़ पद यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। यह धार्मिक पदयात्रा रविवार की प्रातः 4 बजे नर्मदा तट से प्रारंभ हुई, जिसका नगर आगमन पर भव्य स्वागत किया गया।
नगर पहुंचने के उपरांत विश्वकर्मा मैरिज गार्डन में श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम की विशेष व्यवस्था की गई थी। यात्रा का अगला चरण सोमवार 4 अगस्त को प्रातः पुनः प्रारंभ हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों—गांधी चौक, काली चौक, गांधीनगर पाडन से होते हुए गेलपुर स्थित श्री मृगेंदनाथ धाम पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने देवों के देव महादेव का जलाभिषेक कर पुण्य अर्जित किया। यात्रा के समापन पर श्रद्धालुओं हेतु विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
इस अवसर पर नगर में भक्ति, उल्लास एवं शिवभक्ति की अनूठी छटा देखने को मिली। श्रद्धालुओं की सहभागिता एवं समिति की उत्कृष्ट व्यवस्था ने आयोजन को सफल एवं ऐतिहासिक बना दिया।

Related Articles

Back to top button