पकरिया में चल रहा मुरुम का अवैध उत्खनन, बिना अनुमति के खुद गई पहाड़ी, अधिकारी बने रहे अंजान
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान थाना अंतर्गत ग्राम पकरिया में रेस्ट हाऊस के पीछे अवैध रुप से मुरुम उत्खनन का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि इस काम में एक पूरा गिरोह काम कर रहा है और बिना शासन की अनुमति मुरूम का उत्खनन किया जा रहा है और उक्त पहाड़ी पर लगे हरे-भरे वृक्षों को भी मशीनों से काट दिया गया है। सूत्रों ने यह भी बताया कि उक्त खनन दिन के समय भी चल रहा है लेकिन रात के समय और तेज गति से काम किया जाता है और हाईवा के माध्यम से उक्त मुरूम ग्राम पकरिया में ग्रेस मिशन स्कूल की बिल्डिंग बन रही है वहां पर पुराई की जा रही है।
शासन को लाखों की राजस्व हानि
शासन के नुमाईदें बनकर बैठे तथाकथित कर्मचारियों द्वारा माफियाओं से मिलीभगत करके किस तरह से शासन को राजस्व की हानि करवा रहे है इसकी बानगी उमरियापान थाना अंतर्गत ग्राम पकरिया में रेस्ट हाऊस के पीछे चल रहे अवैध खनन से से आसानी से देखी जा सकती है और सरकारी कर्मचारी ही प्राकृतिक संशाधनों को लुटाने पर आमादा हो गये है। लिहाजा परिणाम सामने है और माफियाओं द्वारा संबंधित अधिकारियों से सांठगांठ करके लाखों रुपये की हानि शासन को करवाकर रात के अंधेरे में अवैध रुप से मुरम का उत्खनन करवाया जा रहा है और उक्त अवैध रुप से खोदी जा रही है मुरुम गेस मिशन स्कूल पकरिया में डंपिग की जा रही है।
माफिया पर विभागीय अधिकारियों की बरस रही कृपा
यह सर्वविदित है कि जिस तरह से माफिया प्राकृतिक संशाधनों को लूटने का काम कर रहे है इसके जिम्मेदार विभागीय अधिकारी ही है और इनके द्वारा ही अपनी मौन सहमति व्यक्त करके उपरोक्त कामों को अंजाम दिया जाता है और माफियाओं को किस तरह से उपरोक्त कार्य के अंजाम देना है यह भी अधिकारियों के द्वारा बताया जाता है। इन्हीें के इशारे पर रात के समय अवैध रुप से मुरुम का उत्खनन किया जाता है।
हरे-भरे वृक्ष भी लील गये
उल्लेखनीय है कि उक्त रेस्ट हाऊस पहाड़ी के पीछे हो रहे अवैध उत्खनन में शिकायत उपरांत जब हमारे संवाददाता ने मौका मुआयना किया तो वहां पर भारी मात्रा में हरे-भरे वृक्ष कटे पाये गये है। इस मामले में उमरियापान नायब तहसीलदार संदीप सिंह से बात की गई और यह जानकारी लेने का प्रयास किया गया कि उक्त खनन की अनुमति ली गई या नहीं है। तब उन्होंने बताया कि नायब तहसीलदार कार्यालय उमरियापान से इस संबंध में किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं दी गई और रही बात हरे-भरे वृक्ष काटे जाने की तो उसकी भी अनुमति नहीं ली है। यहां पर यह उल्लेख करना आवश्यक है कि उक्त स्थान पर लिप्स्टिक के वृक्ष काटे गये है और वृक्ष कटाने के संबंध में भी संबंधित विभाग से अनुमति नहीं ली गई है।
मामला हो सकता है दर्ज
जिस तरह से बिना किसी अनुमति के अवैध रूप से मुरूम का उत्खनन किया गया और उस स्थान पर अत्याधिक संख्या में वृक्ष काटे गये है। ऐसा करना एक अपराध की श्रेणी में आता है। लिहाजा देर रात प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची है। आज इस संबंध में खुलासा होगा कि उक्त टीम द्वारा संबंधित व्यक्तियों के विरूद्ध क्यों कार्यवाही की गई है। वहीं इस मामले में चोरी की मुरूम स्कूल के कामों में लेने के लिये ग्रेस मिशन स्कूल प्रबंधन भी कार्यवाही की जा सकती है। लिहाजा देखना यह होगा कि प्रशासन की उक्त कार्यवाही दिखावटी रहती है या फिर जिस तरह से पहाड़ी को साफ किया गया और हरे-भरे वृक्ष काटे गये है उस आधार पर कार्यवाही होती है?
इस सम्बंध में संदीप सिंह नायब तहसीलदार, उमरियापान का कहना है किपकरिया में रेस्ट हाऊस के पीछे जो उत्खनन हो रहा है इस संबंध में नायब तहसीलदार कार्यालय से अनुमति नहीं ली गई है। जानकारी उपरांत मौके पर पटवारी हो भेजा गया है।



