परिवार बिखरने से बचाया, फिर से एक हुए पति पत्नी
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । परिवार परामर्श केंद्र पर एसडीओ पुलिस सुनील कुमार बरकड़े के समक्ष एक परिवार का विवाद आने के बाद उन्होंने परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से पति- पत्नी को फिर से एक कराते हुए उनमें सुलह समझौते के बाद पत्नी को पति के साथ ससुराल रवाना करवा दिया।
एसडीओ पुलिस सुनील कुमार बरकड़े ने बताया कि गैरतगंज तहसील के ग्राम करैया निवासी बालकिशन सिलावट की पुत्री लक्ष्मी बाई का विवाह गुना जिले के राघोगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम खजूरी डांग निवासी हुकुम सिंह सिलावट के साथ में हुआ था । पति पत्नी के बीच मनमुटाव होने से पारिवारिक विवाद के चलते पिछले 3 माह से पत्नी ससुराल नहीं जा रही थी और मायके में रहते हुए पति के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई थी ।
शुक्रवार को पति हुकुम सिंह सिलावट पिता बुद्धासिंह सिलावट का उसकी पत्नी लक्ष्मी बाई सिलावट पुत्री बालकृष्ण सिलावट के बीच एसडीओपी सुनील वरकडे के मार्गदर्शन में परिवार परामर्श केंद्र के सदस्यों में सविता भार्गव, मोहनलाल सोनी, बिंदेश्वरी श्रीवास्तव, शैलेंद्र सिंह, केपी सिंह एवं मिथिलेश शर्मा के द्वारा दोनों पक्षों के बीच मशक्कत के बाद समझाइश कराते हुए पति – पत्नी को एक साथ रहने के लिए राजी कर लिया और दोनों के बीच सुलह समझौता कराकर तीन माह से मायके में पृथक रह रही लक्ष्मी बाई को उसके पति हुकुम सिंह सिलावट के साथ रवाना कर दिया । इस तरह एक परिवार बिखरने से बच गया ।



