मध्य प्रदेश

पंचायत भवन निर्माण में देरी पर जनपद सीईओ सख्त, पोंडीकला पहुंचकर विकास कार्यों का किया निरीक्षण

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान*। ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक अमला लगातार मैदानी निरीक्षण कर रहा है । इसी क्रम में जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कृष्णकांत पांडेय ने ग्राम पंचायत पोंडीकला पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया ।
निरीक्षण के दौरान जनपद सीईओ ने करीब 20 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन ग्राम पंचायत भवन का निरीक्षण किया । उन्होंने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । साथ ही निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए भवन का काम शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को पंचायत से जुड़े कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें ।
इसके अलावा सीईओ ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा की । उन्होंने लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए । वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधूरे आवासों का निर्माण जल्द पूरा कराने और पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया ।
उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर जिले की ग्राम पंचायतों में लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं । इनका मुख्य उद्देश्य विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी करने के साथ शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है ।

Related Articles

Back to top button