बच्चों से भरी पिकअप में बस ने मारी टक्कर, मौके पर 1 बालिका की मौत, 20 घायल
रीवा। मंगलवार की सुबह रीवा जिले में बड़ा हादसा हो गया। यहां एक बस ने स्कूली बच्चों को ले जा रही पिकअप गाड़ी में टक्कर मार दी। पिकअप में 35 बच्चे थे, हादसे में एक बालिका की मौत हो गई, वहीं 20 से ज्यादा बच्चे घायल हैं। घायलों में 4 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक बालिका ने बताया कि ड्राइवर अंकल हमें पनौती बोल रहे थे। घायलों को जवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। गंभीर रूप से घायलों को यहां से रीवा रेफर कर दिया गया है। हादसा पनवार थाना क्षेत्र के पटियारी के पास सुबह 9 बजे जवा – डभौरा मार्ग पर हुआ।
पुलिस के मुताबिक, बच्चे ग्रीन वर्ल्ड स्कूल के हैं । जवा की ओर से जा रही शुक्ला बंधु ट्रेवल्स की बस ने सामने से आ रही पिकअप को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने डायल 100 को सूचना दी। पनवार के अलावा डभौरा, जवा और अतरैला थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू तुरंत शुरू कर दिया था। जब तक पुलिस पहुंची, तब तक पिकअप में फंसे बच्चों को लोगों ने बाहर निकाल लिया था। हादसे में एक बालिका की मौके पर मौत हो गई, 4 गंभीर घायल बच्चों को संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है।
पिकअप में सवार एक छात्रा ने बताया कि हम सभी बातें कर रहे थे, पता नहीं ड्राइवर अंकल कैसे टक्कर कर दिए। ड्राइवर टक्कर मारकर पता नहीं कहां चले गए, वो हम बच्चों को पनौती बोल रहे थे। टक्कर के बाद हम सभी बच्चे गाड़ी से बाहर फिक गए थे।



