चार विधानसभाओं में नाम वापसी के बाद 39 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में
नाम निर्देशन वापसी के अंतिम दिन विधानसभा उदयपुरा में 2, भोजपुर में 3 और सिलवानी में 2 अभ्यर्थियों ने लिया नाम वापस
सांची विधानसभा में किसी भी अभ्यर्थी ने नहीं लिया नाम वापस
ब्यूरो चीफ: संजय द्विवेदी
रायसेन । रायसेन जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए विधानसभा आम निर्वाचन- 2023 कार्यक्रम अनुसार 2 नवम्बर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी के अंतिम दिन विधानसभा क्षेत्र 140- उदयपुरा से दो अभ्यर्थियों द्वारा, 141- भोजपुर से तीन अभ्यर्थियों द्वारा तथा 143- सिलवानी से दो अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन पत्र वापस लिए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र 142-सांची से किसी भी अभ्यर्थी द्वारा नाम वापस नहीं लिया गया है। नाम निर्देशन वापसी की समयावधि पूर्ण होने के उपरांत अभ्यर्थियों को निर्वाचन चिन्ह आवंटन की कार्यवाही की गई।
नाम निर्देशन वापसी के अंतिम दिवस विधानसभा क्षेत्र-140 उदयपुरा से नरेन्द्र पटेल बाबूजी निवासी ग्राम व पोस्ट गडरवास तह. बाड़ी और राजपाल राजपूत निवासी ग्राम पांजरा काशीराम तह. बरेली द्वारा अपना नाम निर्देशन वापस लिया गया है। इस प्रकार उदयपुरा विधानसभा में 7 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।
विधानसभा क्षेत्र- 141 भोजपुर से मनीष कुमार मालवीय निवासी मण्डीदीप, संयम कुमार जैन निवासी मण्डीदीप तथा राधाबाई निवासी पोस्ट तामोट तहसील गौहरगंज द्वारा नाम निर्देशन वापस लिए गए हैं। इस प्रकार भोजपुर विधानसभा में 12 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।
विधानसभा क्षेत्र-143 सिलवानी से हरिबाबू धाकड़ निवासी वार्ड न.-4 साकेत नगर महेशपुरम कालोनी बरेली तथा किरार कल्याण सिंह चौधरी निवासी ग्राम भोडिया तहसील बरेली द्वारा नाम निर्देशन वापस लिया गया है। इस प्रकार सिलवानी विधानसभा में 8 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। विधानसभा क्षेत्र-142 सांची में किसी भी अभ्यर्थी द्वारा नाम निर्देशन वापस नहीं लिया गया है। इस प्रकार सांची विधानसभा में 12 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।



