बस नदी में गिरी, 1 यात्री की मौत, 20 घायल, कलेक्टर पुलिस अधीक्षक पहुंचे घटना स्थल
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
खरगोन। मंगलवार की शाम को मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के सनावद और धनगांव के बीच एक यात्री बस नदी में गिर गई। जिसमे एक यात्री की मौत औऱ 20 यात्री घायल होने की खबर है।
बताया जा रहा है कि बस में 40 से 50 यात्री सवार थे। 20 से ज्यादा यात्रियों को गंभीर चोटें आईं हैं। घटनास्थल पर 10 एंबुलेंस पहुंचाई गईं हैं। घायलों को सनावद के अस्पताल ले जाया जा रहा है। खंडवा से पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह और कलेक्टर अनूपकुमार सिंह भी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह के अनुसार बस हादसे में एक यात्री की मौत होने की खबर है। बस खंडवा से इंदौर जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार घटना की जानकारी मिलने के बाद मदद के लिए पुलिस बल और रेस्क्यू टीम को तुरंत रवाना कर दिया गया। इसी दौरान खंडवा और सनावद अस्पताल में इमरजेंसी के लिए मैसेज दिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के नदी में गिरने की सूचना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण किनारे से नदी में उतरे और लोगों को बाहर निकालने में मदद की। बस के नदी में गिरते ही चीख-पुकार मच गई। संयोग से नदी में पानी कम था। इससे यात्रियों को संभलने का मौका मिल गया। यात्रियों ने बस का दरवाजा खोला और बाहर निकले। इसके बाद कुछ यात्री खिड़की के सहारे भी बाहर निकले। ग्रामीणों ने यात्रियों को रस्सी के सहारे बाहर निकलने में मदद की। दुर्घटना की खबर के बाद अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई है। इधर, हादसे की सूचना के बाद यात्रियों के परिजन भी अस्पताल पहुंच रहे हैं।



