बाइक को बस ने मारी टक्कर, दो की घटना स्थल पर तीसरे की इलाज के दौरान मौत
रिपोर्टर : राजेन्द्र सिंह
जबलपुर । जबलपुर में सड़क हादसे में दो लोगों की घटना स्थल पर ही तीसरे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
बताया जाता है कि बाइक सवार दो युवकों को जोधपुर पड़ाव के पास नाकपुर की ओर तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य घायल व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
घटना देर रात तिलवारा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। दोनों युवक सब्जी मंडी में मटर बेचकर अपने घर जा रहे थे,तभी जोधपुर पड़ाव के पास यात्री बस क्रमांक यूपी 66 1033 ने उनकी बाइक क्रमांक एमपी-20 एमएल 7040 को टक्कर मार दी।
बाइक में सवार बिजौरी चरगवां निवासी अनिल ठाकुर, सुम्मी ठाकुर दूर जाकर सिर के बल गिर गए जिसकी वजह से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घर जाने के लिए वाहन के इंतजार में खड़े नन्हेंलाल ठाकुर भी तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गया। नन्हेंलाल ने भी इलाज के दौरान आज सुबह दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस ने बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



