फोन पे के जरिए किसान के खाते से 99 हजार रुपये पार, साइबर सेल कर रही जांच

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पहरूआ में ऑनलाइन साइबर ठगी का मामला सामने आया है । यहां 35 वर्षीय किसान रामकृपाल प्रजापति के बैंक खाते से फोन पे यूपीआई के माध्यम से करीब 99 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाने की शिकायत पुलिस से की गई है । खाते से राशि निकलने की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने ढीमरखेड़ा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई ।
पुलिस के अनुसार ग्राम पहरूआ निवासी रामकृपाल प्रजापति, पिता तेजीलाल प्रजापति के साथ अज्ञात व्यक्ति द्वारा ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई । आरोपी ने कथित तौर पर पीड़ित को अपने झांसे में लेकर उसके फोन पे यूपीआई से बैंक खाते में सेंध लगाई और अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 99 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए । खाते से राशि कटने का मैसेज मिलने के बाद पीड़ित को घटना की जानकारी हुई ।
शिकायत के आधार पर ढीमरखेड़ा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है । उपनिरीक्षक सुरेश चौधरी द्वारा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 319(2) एवं 308 के तहत अपराध दर्ज किया गया है ।
पुलिस द्वारा ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाकर जिस बैंक खाते और यूपीआई आईडी में राशि गई है, उसकी जांच की जा रही है। आरोपी तक पहुंचने के लिए साइबर सेल की तकनीकी मदद ली जा रही है ।
*पुलिस ने किया सतर्क रहने का आग्रह*
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में यूपीआई पिन, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें । पैसे प्राप्त करने के लिए यूपीआई पिन दर्ज करने की आवश्यकता नहीं होती । साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है, ताकि राशि को समय रहते होल्ड कराने की कार्रवाई की जा सके ।



