बाथरूम में ढक्कन बंद बाल्टी में डूबी मिली 2 महीने की बच्ची, मौत
हत्या या हादसा : शोभापुर के छीपा – सिलावट मोहल्ले में मासूम की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, परिवार मोहल्ले में ढूंढता रहा, पुलिस ने घर में खोज निकाला
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
नर्मदापुरम। जिले के शोभापुर के छीपा सिलावट मोहल्ला में घर के अंदर 2 महीने की बच्ची की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। बच्ची चल तक नहीं सकती फिर भी उसका शव प्लास्टिक की बाल्टी के अंदर पानी में डुबा मिला। बाल्टी का ढक्कन भी लगा था। पुलिस के मुताबिक फल विक्रेता आशिक खान की 2 महीने की बेटी का शव घर में रखी बाल्टी में मिला। बाल्टी का ढक्कन लगा था। शोभापुर पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर दीपक भोंडे ने बताया बुधवार दोपहर 1 बजे सूचना मिली कि छोपा मोहल्ले में फल विक्रेता आशिक खान की 2 महीने की बच्ची नहीं मिल रही। तुरंत टीम पहुंची। घर की बाथरूम के पास रखी बाल्टी देखी तो उस पर ढक्कन लगा था। ढक्कन हटाते बच्ची पानी में डूबी मिली। पीएम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। अभी पीएम रिपोर्ट नहीं आई है।
यह कहानी आ रही सामने…..
पूरे घटनाक्रम में नई कहानी भी सामने आ रही है। पुलिस जांच में यह बात सामने आ रही है कि आशिक खान की तीन बेटियां हैं। 5 साल की बड़ी बेटी मानसिक विक्षिप्त है। वह गुट्टे (खिलौने) को नहलाती थी। बुधवार को वह चुपचाप गुड्डा और बच्ची को ले गई और बाल्टी में नहलाने लगी होगी । जब बच्ची उससे नहीं उठी तो उसने बाल्टी का ढक्कन लगा दिया। इससे बच्ची ने दम तोड़ दिया। हालांकि पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच के बाद ही सब कुछ सामने आएगा वहीं पूरे मोहल्ले में लोग सकते में हैं। मोहल्ले में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
मां बोली- दो महिलाएं खाना मांगने आईं थीं, दोपहर में बच्ची गायब हो गई
पुलिस ने बच्ची की मां रुखसार से आरंभिक पूछताछ की है। उसने बताया दो महिलाएं सुबह घर पर खाना मांगने आई थी। दोपहर में वह खाना बना रही थी। तब बच्ची गायब हो गई। बच्ची घर मोहल्ले में नहीं मिलने पर पति आशिक को कॉल किया। दोनों महिलाओं पर शक हुआ तो पुलिस को सूचना दी। आशिक अपनी फल की दुकान पर था।
इसलिए बच्ची की मौत संदिग्ध
👉🏻 2 माह की बच्ची जब चल नहीं सकती तो बाल्टी में कैसे पहुंची और फिर ढक्कन कैसे लग गया। 👉🏻 आशिक खान और रुखसाना की दो और बेटियाँ हैं। ये तीसरी बेटी थी।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक – डॉ. गुरकरन सिंह का कहना है कि दो माह की बच्ची चल नहीं सकती, वह बाल्टी तक कैसे पहुंची। मामला संदिग्ध है। जांच के आदेश दिए हैं। इस पूरी घटना में परिवार के किसी ने किसी व्यक्ति की भूमिका संदिग्ध है। पुलिस को यह पता चला है कि एक बेटी गुड्डा नहलाती थी, उसने ही बच्ची को भी बाल्टी में ले जाकर नहलाया, इसके बाद दो माह की बच्ची डूब गई। हालांकि जांच हो रही है। जांच के बाद सही तथ्य सामने आएंगे। जांच में यदि कोई दोषी मिलेगा, उस पर कार्रवाई होगी।



