स्कूल के बच्चों तथा ग्रामीणों को 108 एंबुलेंस के विषय में जानकारी

सिलवानी । आपात चिकित्सा सेवा के लिए 108 एंबुलेंस जिले में संचालित की गई है। जिसका लाभ ग्रामीणों को मिल भी रहा है। 108 वाहन क्या है ? यह किस तरह से लोगों की मदद करती है? वाहन में क्या-क्या चिकित्सा संसाधन उपलब्ध रहते हैं, जिससे गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने के दौरान चिकित्सा त्वरित रूप से दी जाती है। कौन-कौन सी जीवन रक्षक दवाइयां रखी जाती हैं। इन सभी की जानकारी गांव-गांव में 108 एंबुलेंस वाहन जाकर स्कूली छात्रों को बता रहा है।
जहां पायलेट द्वारा स्कूली छात्रों को बताया गया कि 108 एंबुलेंस से किसी भी गंभीर मरीज व सड़क दुर्घटना में आहत हुए व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए बुलाई जाती है, जिसके लिए फोन से निःशुल्क 108 डायल कर कहीं भी बुलाया जा सकता है। इसके माध्यम से लोगों को अस्पताल पहुंचाया जाता। यदि मरीज को आक्सीजन की जरूरत होती तो वह वाहन में उपलब्ध रहती, जिससे मरीज को सांस लेने में दिक्कत न आए। पल्स रेट देखने सहित अन्य जांच की भी सुविधा वाहन में मौजूद रहती है। इस मौके पर स्कूली छात्रों ने सवाल जवाब कर अपनी जिज्ञासाओं को दूर किया।
सिलवानी ब्लॉक स्थित तिनघरा ग्राम में स्कूल के बच्चों तथा ग्रामीणों को 108 एंबुलेंस के विषय में जानकारी दी गई जिसमें बताया गया कि आपातकालीन स्थिति में 108 एंबुलेंस को किस प्रकार बुलाया जाता है तथा 108 में उपलब्ध उपकरणों की जानकारी दी गई साथ ही ग्राम वासी तथा स्कूली बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया है। कार्यक्रम में रायसेन 108 के जिला प्रभारी संदीप भार्गव तथा कृष्णा गौर मौजूद रहे तथा 108 एम्बुलेंस पैरामेडिकल स्टाफ मनमोहन शिल्पी तथा पायलट मनीष कुशवाहा मौजूद रहे।



