मध्य प्रदेश

सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों का पथराव, पुलिसकर्मी घायल

रिपोर्टर सतीश चौरसिया
उमरियापान । जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बंधी में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रेलवे फाटक के समीप तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें पुलिसकर्मी भी घायल हो गए ।
घटना स्थल: रेलवे फाटक, ग्राम पंचायत बंधी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा क्रमांक PB 10 HN 2438 तेज रफ्तार से बंधी स्टेशन के रेलवे फाटक की ओर बढ़ रही थी। उसी दौरान सामने से आ रहे दो मोटरसाइकिल सवारों को वाहन ने बेरहमी से कुचल दिया । टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान
हादसे में मृत दोनों युवक धरवारा गांव निवासी बताए गए हैं:
राजेंद्र कोल, राजा भैया कोल
(दोनों की उम्र लगभग 30 वर्ष)
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल चुका था ।
आक्रोशित ग्रामीणों का पथराव
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस और 112 वाहन पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए। स्थिति तनावपूर्ण होते देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और क्षेत्र में भारी सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई।
थाना प्रभारी सुदेश सवन ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है और फिलहाल क्षेत्र में शांति है।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने रेलवे फाटक और मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने, स्पीड ब्रेकर बनाने और नियमित पुलिस गश्त की मांग की है । उनका कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हाइवा चालक की तलाश जारी है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों की याद दिलाता है ।

Related Articles

Back to top button