क्राइम

विवाद के बाद बारातियों पर पलटा डीजे, दो की मौत, एक घायल

गाना बजाने को लेकर बारातियों और डीजे संचालक के बीच हुआ था विवाद,
नाराज बारातियों ने डीजे वाहन में आग लगाई

बैतूल । एमपी के बैतूल जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जामुनाढाना में गुरुवार की रात शादी में गाना बजाने के विवाद के बाद डीजे वाहन रिवर्स करते समय ढलान के कारण बारातियों पर पलट गया। वाहन के नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक घायल है। घटना से नाराज बारातियों ने डीजे में आग लगा दी। पुलिस ने डीजे संचालक पर केस दर्ज किया है।
शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जामुनढाना में गुरुवार रात उइके परिवार में बेटी का विवाह था। ग्राम गुल्लरढाना से बारात आई थी। बारात में गाना बजाने को लेकर बारातियों और डीजे संचालक में विवाद हो गया। विवाद के चलते डीजे वाहन रिवर्स लेने के दौरान ढलान होने से पलट गया।
कुछ बाराती वाहन के नीचे दब गए। रेशमा पिता राजू इवने उम्र 18 साल निवासी टेटरमाल बिजादेही दब गई थी, जिसे ग्रामीणों ने मुश्किल से निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंभीर अवस्था में भेजा गया। यहां से जिला अस्पताल ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। रामरती पति मंगता तुमडम उम्र 55 साल निवासी ग्राम डुडर थाना बीजादेही ने शाहपुर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं वाहन के नीचे दबने से शांता बाई घायल हो गई। जिसका शाहपुर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने अज्ञात डीजे संचालक पर धारा 279, 337, 304 ए के तहत केस दर्ज किया है।
घटना के बाद नाराज बारातियों ने डीजे वाहन में आग लगा दी। जिसमें डीजे जल गया। सूचना पर शाहपुर थाना प्रभारी जयपाल इनवाती एवं एसडीओपी मयंक तिवारी घटना स्थल पर पहुंचे और घायलों को शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
जयपाल इवनाती, थाना प्रभारी शाहपुर ने बताया कि शादी में डीजे पर गाना बजाने को लेकर बारातियों का डीजे संचालक से विवाद हुआ था। डीजे वाहन रिवर्स करने के दौरान ढलान में पलट गया। दबने से दो लोगों की मौत हुई और एक घायल है। डीजे संचालक पर केस दर्ज किया है।

Related Articles

Back to top button