क्राइम

युवक की खेत में करंट से मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

परिजनों का कहना है कि आरोपी पर हत्या का प्रकरण दर्ज होने पर ही पीएम एवं अंतिम संस्कार होगा
मृतक के गले एवं शरीर पर चोट के निशान, मामला संदिग्ध
सिलवानी।
सिलवानी तहसील के ग्राम मनकबाड़ा में एक युवक की धान के खेत में काम करने के दौरान करंट लगने से मौत का मामला उजागर हुआ है। वही परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते ग्राम के ही गंगाराम पटेल ने खेत पर बुलाकर हत्या कर करंट लगाया गया है। बड़ी संख्या एकत्रित हुये परिजनों ने आरोपी पर हत्या कर प्रकरण दर्ज होने पर ही मृतक का पीएम एवं अंतिम संस्कार करने पर अड़े हुये है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनेश रजक पिता बाबूलाल रजक उम्र 30 साल निवासी मनकबाड़ा खेत पर मजदूरी का कार्य करता था। गुरूवार की शाम को ग्राम के गंगाराम पटेल खेत पर धान की गडरैया में मृत अवस्था में मिला। बताया जाता है कि घटना लगभग शाम 5 बजे की है। पहले ग्राम कोटवार और गंगाराम पटेल ने बम्हौरी थाने को सूचना दी गई। और बाद में परिजनों को सूचना 7 बजे के बाद दी गई। परिजनों ने बताया कि दिनेश रजक के गले, हाथ एवं अन्य भागों में चोट के निशान है और मुंह, नाक, गले से खून निकल रहा था। रात्रि में युवक के शव को रात्रि में घर लाया गया और रात्रि 2 बजे पोस्टमार्टम के लिए सिविल हॉस्पिटल सिलवानी लाया गया। शुक्रवार की सुवह से मृतक के परिजनों हॉस्पिटल पहुंच गये। पत्नि बच्चों का रो रो कर बुरा हाल है। मृतक दिनेश रजक के परिवार में पत्नि ज्योति रजक, एक पुत्र शिवेन्द्र रजक उम्र 6 साल, पुत्री खुशबू रजक उम्र 4 साल है।
मृतक दिनेश रजक के पिता बाबूलाल रजक ने बताया कि उसके घर के सामने गंगाराम पटेल के कहने पर ग्राम पंचायत द्वारा नाली का निर्माण किया जा रहा था, उस समय दिनेश रजक ने नाली को मकान से दूर बनाने का कहा था जिस पर उसे धमकी दी गई थी। गंगाराम पटेल ने खेत पर ले जाकर मेरे पुत्र दिनेश की हत्या कर करंट लगाया है।
मृतक दिनेश रजक के चाचा का लड़का संजय रजक का कहना है कि जब तक गंगाराम पटेल पर पुलिस द्वारा हत्या का प्रकरण दर्ज नहीं होगा तब तक मृतक दिनेश का पीएम और अंतिम संस्कार नहीं किया जावेगा।
मृतक की पत्नि ज्योति रजक का कहना है गंगाराम पटेल गुरूवार को लगभग 3 बजे खेत में मवेशी होने के नाम पर खेत पर ले गये थे और वहां ले जाकर हत्या कर करंट लगाया है। हमें घटना की सूचना 7 बजे के बाद दी गई।
इस संबंध में थाना बम्हौरी के एएसआई एम.के. धुर्वे का कहना है कि युवक की करंट लगने से मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के लिए सिविल हॉस्पिटल सिलवानी लाया गया है। परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाने की बात पर एएसआई का कहना है कि पुलिस परिजनों के कथन और पीएम रिपोर्ट घटना स्थल जांच कर कार्यवाही करेगी।

Related Articles

Back to top button