रायसेन भोपाल बायपास के बुरे हाल…. रात में आने-जाने में डरने लगे हैं लोग, कई बार शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं…..
एक भी स्ट्रीट लाइट के खंभे पर लाइट नहीं, रात होते ही छा जाता है अंधेरा, आए दिन हो रहे सड़क हादसों का डर माननीय मंत्री जी ! यह कैसी विकास यात्रा
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन । रायसेन भोपाल बायपास की साढ़े सात किलोमीटर की रात के वक्त अंधेरे में डूब जाती है।इस घोर लापरवाही की वजह से बायपास सड़क पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होने लगी है।बताया जाता है कि उक्त साढ़े सात किमी सड़क पर स्ट्रीट लाइट के लिए बिजली पोल तो लगाए गए हैं। लेकिन एक भी लाइट नहीं लगाई गई है।जिससे वाहन चालकों और राहगीरों में आक्रोश पनपने लगा है। देखने में एक बारगी ऐसा लगता है गांव की गली में हैं।
कहने को तो यह बायपास सड़क जिला मुख्यालय रायसेन की मुख्य सड़क को जोड़ती है।, लेकिन रात में बायपास रोड से गुजरने पर महसूस होगा कि किसी पिछड़े गांव की गली में से गुजर रहे हैं।
शिकायत के बाद भी नहीं लगी स्ट्रीट लाइट….
युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष, रूपेश तन्तवार कहते हैं कि रात में अंधेरा रहने की समस्या को लेकर लोगों ने नगर पालिका परिषद से लेकर मप्र मध्य क्षेत्र बिजली कंपनी के जिम्मेदार अफसरों को कई बार शिकायत की। बावजूद इसके स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई गई है। यह बड़े शर्म की बात है।मंत्री जी रायसेन शहर में 17 फरवरी को रायसेन सिटी में विकास यात्रा निकालने जा रहे हैं।
टीम को निर्देश दिए जा रहे हैं…..
बिजली कंपनी के उप महाप्रबन्धक राजेश दुशाद का कहना है कि स्ट्रीट लाइट विहीन इलाकों और बायपास सड़क को चिन्हित करवाकर लाइट लगवाने का काम शुरू कराया जाएगा। इसके लिए टीम को निर्देश दिए जा रहे हैं।
शहर के शिवोम नगर वार्ड 12, राहुल नगर वार्ड 14 अयोध्या बस्ती पटेल नगर वार्ड 11 सहित पुरानी बस्ती इलाके में कई गलियों की स्ट्रीट लाइट महीनों से बंद है। यहां रहने वाले लोग अपने घर के बल्ब जलाकर गली में उजाला कर रहे हैं। मिश्र तालाब रोड व सांची रोड़ पर भगवती माता मंदिर से लेकर कान्वेंट स्कूल रायसेन के बीच में मुख्य मार्ग पर भी स्ट्रीट लाइट अक्सर बंद रहती है।
गोपालपुर बायपास तिगड्ढ़े से लेकर सदालतपुर रोड तक एक भी खंभे पर लाइट नहीं हैं। इससे इस मार्ग पर रात में घुप अंधेरा पसरा रहता है। खेड़ापति रोड से हजीरा तिराहा, किला गेट तक करीब साढ़े सात किलोमीटर लंबे मार्ग पर सालों से वाहन चालकों और राहगीरों को घुप अंधेरे में गुजरना पड़ रहा है। लूटपाट और हादसे के डर से लोगों ने रात में इस मार्ग पर आवागमन कम कर दिया है।
दुकानों और मकानों के बाहर भी लाइट बंद….
बायपास रोड पर बने मकानों और दुकानों के बाहर भी रोशनी के इंतजाम नहीं हैं। यहां रहने वाले शाम को बल्ब चालू कर लेते हैं, लेकिन देर रात में बंद कर दिए जाते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली बिल न बढ़े इसलिए बल्ब बंद कर देते हैं।



