क्राइम

राष्ट्रपति के कार्यक्रम में जा रही बस पलटी, 1 मृत, 39 घायल

उमरियापान के पकरिया में हादसा, गंभीर घायलों को किया गया जबलपुर रेफर

मृत व्यक्ति के परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता, घायलों को रेडक्रॉस से 15-15 हजार की सहायता

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया

उमरियापान । कटनी जिले के उमरियापान थाना क्षेत्र के पकरिया गांव में बस बेकाबू होकर पलट गई। बस में सवार लोग शहडोल में जनजाति गौरव दिवस पर राष्ट्रपति के कार्यक्रम में जा रहे थे। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई है। बस में सवार 39 लोग घायल हो गए हैं।
घटना में घायलों को एम्बुलेंस और 108 की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरियापान पहुंचाया गया, जहां घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया और गंभीर रूप से घायल 9 लोगों सहित कुल 12 व्यक्तियों को बेहतर उपचार के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया।
जबलपुर के कंजई, बुढ़ागर, खुडावल गांव से शहडोल में कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोग बस से जा रह थे। इसी दौरान उमरियापान थाना क्षेत्र के सिहोरा रोड पर पकरिया गांव के पास अंधे मोड़ पर बस बेकाबू होकर पलट गई। बस पलटने से खुड़ावल गांव निवासी आशू पिता फूलचंद कोल 20 वर्ष की घटना स्थल पर मौत हो गई है। जबकि बस में सवार तीन दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं। घायलों को उमरियापान सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसे में ये हुये घायल
धनगवां निवासी रेखाबाई पति सुभाष कोल, रामहर्षन पिता गोकुल सिंह, खुड़ावल निवासी राजेश पिता धनीराम मिश्रा, श्यामलाल देवी सिंह, राकेश पिता माधव सिंह, नंदू पिता बसोरी कोल, सुहद्रा बाई, हुकुमचंद गडारी, राजेंद्र पिता रमेश कोल, शंभूदयाल पिता हंसराम, कैलाश पिता अठई कोल, गोविंद पिता धनीराम गडारी, अंशोंबाई पति गोविंद, उमाबाई सुखराम गडारी, सुखचैन पिता इन्द्रसिंह, हुकुमचंद पिता सुंदरलाल गडारी, दीपक पिता अशोकसिंह, ओमबाई गडारी, शिवम पिता गोपालसिंह, मुकेश पिता सम्पतसिंह, सन्तू पिता गुलाब कोल, गोविंद पिता घनश्यामसिंह, शंकर पिता मिठूलाल, जवाहरसिंह पिता तिलकसिंह, दन्नू पिता हसर कोल, आरतीबाई पति श्यामलाल, देवानंद पिता नरेंद्र, राधा पिता गुड्डू, मोहन पिता बाबूलाल यादव, योगेन्द्र पिता लालसिंह शामिल हैं। सभी का इलाज उमरियापान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में किया जा रहा है।
ये पहुंचे घायलों से मिलने अस्पताल
हादसे की खबर मिलते ही पाटन विधायक अजय विश्नोई, कलेक्टर अवि प्रसाद, पुलिस अधीक्षक सुनील जैन, एसडीओपी मोनिका तिवारी, एसडीएम नदीमी शीरी, तहसीलदार प्रियंका नेताम, नायब तहसीलदार संदीप सिंह, सीईओ विनोद पाण्डेय, मझौली जनपद अध्यक्ष दिनेश चौरसिया, विजय दुबे, भाजपा मंडल अध्यक्ष गोविन्द प्रताप सिंह, संतोष दुबे, जयप्रकाश चौरसिया, पारस पटेल, आशीष चौरसिया, प्रदीप चौरसिया, विराट पांडे, जितेन्द्र अरोरा , के पी परौहा, उमरियापान पटवारी, सहित अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। कलेक्टर अवि प्रसाद एवं पुलिस अधीक्षक अनिल जैन उमरियापान अस्पताल में मौजूद रहकर घायलों के उपचार व्यवस्था का जायजा लेते रहे। अबि प्रसाद जबलपुर जिले के ग्राम पंचायत खुड़ावल निवासी 22 वर्षीय मृत युवक आशु कोल की मां और परिजनों से मिले और सांत्वना दी और ढ़ांढ़स बंधाया।
विधायक विश्नोई पहुंचे घायलों को देखने
बस दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पाटन-मझौली विधायक अजय विश्नोई भी उमरियापान अस्पताल पहुंचे और घायलों से भेंट कर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने मृतक के परिजनों से भी भेंट कर शोक व्यक्त किया । अजय विश्नोई ने जिला प्रशासन के त्वरित रिस्पांस के लिए शाबाशी दी और घायलों के बेहतर उपचार प्रबंधन की सराहना की।
प्रभारी मंत्री ने दिया बेहतर इलाज का निर्देश
प्रदेश के वित्त, वाणिज्यकर, योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी मंत्री और कटनी जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने बस दुर्घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल कलेक्टर अवि प्रसाद से दूरभाष पर चर्चा की और घायलों को बेहतर उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए। पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने बस दुर्घटना में मृत 22 वर्षीय आशु कोल के प्रति शोक व्यक्त करते हुए सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। जगदीश देवड़ा ज़िला प्रशासन के सतत् संपर्क में रहकर पूरे घटनाक्रम की निगरानी की और घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित कराने निर्देशित किया ।
मृत व्यक्ति के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान निधि से चार लाख रुपये की सहायता, घायलों को रेडक्रॉस से 15-15 हजार की सहायता
जबलपुर से शहडोल जा रही बस के मंगलवार की सुबह कटनी जिले के ग्राम पकरिया के पास भटिया मोड़ पर दुर्घटनाग्रस्त होने से जबलपुर जिले के ग्राम खुडावल निवासी आशु कोल की मृत्यु हो गई । मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान निधि से चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है । जबलपुर कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने बताया कि मृतक के परिजनों को जिला रेडक्रास सोसायटी से 25 हजार रुपये तथा आदिम जाति कल्याण विभाग की संकटापन्न निधि से 15 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता भी प्रदान की गई है । उन्होंने बताया कि दुर्घटना में गम्भीर रूप से घायल हुये 5 व्यक्तियों को रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से 15-15 हजार रुपये की सहायता भी दी गई है । कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने जिला अस्पताल पहुँचकर यहाँ उपचार के लिये भर्ती बस दुर्घटना में घायल व्यक्तियों से भेंट की तथा उनकी कुशलक्षेम जानी । उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्त्य के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिये । इस अवसर पर उनके साथ जिला पंचायत की सीईओ डॉ सलोनी सिडाना भी मौजूद थीं । सीएमएचओ डॉ संजय मिश्रा ने बताया कि बस दुर्घटना में घायल व्यक्तियों में से 12 जिला चिकित्सालय में उपचाररत हैं । इनमें से छह को आईसीयू में, एक को सर्जिकल वार्ड में तथा पाँच घायलों को आर्थोपेडिक वार्ड में भर्ती किया गया है । जबकि एक घायल सिविल अस्पताल सिहोरा में ही उपचाररत है ।
पीडब्ल्यूडी विभाग की घोर लापरवाही के कारण हुआ हादसा
जिस तरह से उक्त हादसा हुआ है इसमें पीडब्ल्यूडी विभाग की घोर लापरवाही परिलक्षित हो रही है क्योंकि जिस स्थान पर बस पलटी है वहां पर खतरनाक मोड है लिहाजा विभाग द्वारा न तो यहां पर किसी तरह का कोई संकेतक लगाया गया है और न ही रेडियम। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार इस संबंध में अधिकारियों सहित कर्मचारी को कहा गया लेकिन ध्यान नहीं दिया जाता है और आये दिन उक्त स्थान पर हादसें होते रहे है अभी कुछ दिन पहले ही टेंकर पलट गया था जिसमें किसी तरह की जनहानि नहीं हुई थी लेकिन इस हादसे में एक 22 वर्षीय युवक की मौत ने परिवार को गहरे सदमें में डाल दिया है। वहीं दूसरी ओर अधिकारी वहीं राग अलाप रहे है। देखते है, दिखवाते है। वहीं इस मामले में ढीमरखेड़ा जनपद अध्यक्ष पति संतोष दुबे के द्वारा भी कलेक्टर से शिकायत की गई और बताया गया कि इस संबंध में अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से समस्या निराकरण के लिये पहल की गई लेकिन अधिकारी सुनने को तैयार नहीं है और लापरवाही का नतीजा यह हुआ कि एक युवा इस हादसे में अपनी जान गवां बैठा।

Related Articles

Back to top button