लापता वृद्ध का नग्न अवस्था में मिला अधजला शव, पुलिस जांच में जुटी
रिपोर्टर : तारकेश्वर शर्मा
सीहोर । जिले के बुधनी स्थित पाइप पुल रोड से 20 कदम की दूरी पर एक वृद्ध का नग्न अवस्था में अधजला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मामले को जांच में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि बुधनी के पाइप पुल रोड से महज 20 कदम की दूरी पर जंगल में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की नग्न अवस्था में जली हुई लाश मिली है। सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त सुरेश सोनेर निवासी ग्वालटोली होशंगाबाद के रूप में की है। बताया जाता है कि मृतक अपने घर से रविवार को दोपहर को निकला था।
रविवार को ही उनकी पत्नि के पास मृतक सुरेश ने फोन लगाया था। कहा था कि मैं एक-दो घंटे में घर आ जाऊंगा। तभी उन्होंने अपने मोबाइल स्टेटस पर कुछ वीडियो और फोटो भी अपलोड किये थे। जब वह घर नहीं पहुंचे तो उनके परिजनों ने फोन पर कॉल लगाया, लेकिन मोबाइल बंद आया। तब स्टेटस पर डले फोटो के आधार पर उनकी तलाश शुरू की गई, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर होशंगाबाद के देहात थाने में रात्रि 3 बजे गुमशुदगी की रिपोर्ट कराई।
सुबह परिजनों ने बुधनी के पाइप पुल जाने वाले रोड पर तलाश की तो वह उनकी चप्पल पड़ी दिखाई दी और अंदर जाने पर जला हुआ शव मिला। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।



