विस्थापन रोको सत्याग्रह होगा मंगलवार से प्रारंभ, प्रेस कांफ्रेंस कर दी जानकारी
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
तेंदूखेड़ा । नौरादेही विस्थापन संघर्ष समिति के सदस्यों ने आज 19 दिसम्बर मंगलवार को स्थानीय लोधी भवन में मीडियाजनो की उपस्थिति में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसमें बताया गया कि बुधवार से विस्थापन रोको सत्याग्रह शुरू किया जाएगा जिसमें सरकार ने हाल ही में नौरादेही अभ्यारण्य और रानी दुर्गावती अभ्यारण्य को जोड़कर रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व घोषित किया है जिससे कई गांव विस्थापित किए जा रहे हैं। जिसका गांव वाले पुरजोर विरोध कर रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए अटल सेना के अध्यक्ष कवि चन्द्रभान सिंह लोधी ने बताया कि 20 दिसंबर से हम लोग विस्थापन रोको सत्याग्रह शुरू कर रहे हैं। कलेक्ट्रेट के सामने महाराणा प्रताप जी के स्मारक के पास तंबू गाड़कर कर अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन पर बैठ रहे हैं। प्रदेश सरकार जिस प्रकार से हमारी मूलभूत सुविधाएं बंद किए है सबसे पहले चालू की जाएं तभी हम लोग उठेंगे। हम सभी का कहना है कि आप भोपाल में बैठकर ऐसा कानून कैसे बना सकते हैं जो जनता के हित में ही न हो। हम लोग यहीं मर जाएंगे लेकिन यहां से विस्थापित नहीं होंगे। जय आदिवासी युवा शक्ति जयस के प्रदेश संगठन मंत्री श्रीकांत पोर्ते ने कहा कि सरकार ने जो 20 सितंबर को राजपत्र जारी किया था जिसमें जो गांव कोर जोन में गांव जोड़े गए थे वो वापिस लिए जाएं। उनको वन विभाग द्वारा किसी भी प्रकार से परेशान न किया जाए। चार पंचायतों ने पहले ही विस्थापन के विरोध में अपना प्रस्ताव जारी कर दिया है लेकिन सरकार इन प्रस्तावों पर ध्यान नहीं दे रही है। इसी के विरोध में हम लोग धरना पर बैठ रहे हैं। सर्रा ग्राम पंचायत के सरपंच दिनेश खरे ने बताया कि हमारे 12 गांवों के साथ सरकार दुर्व्यवहार कर रही है न नल जल की व्यवस्था है न ही सड़क की व्यवस्था है। सभी मूलभूत सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है।
इस अवसर पर अटल सेना के अध्यक्ष कवि चन्द्रभान सिंह लोधी, जयस प्रदेश संगठन मंत्री श्रीकांत सिंह पोर्ते, सर्रा सरपंच दिनेश खरे, भैंसा सरपंच जगन सिंह, जनपद सदस्य नोनेलाल परस्ते, रामकुमार यादव मौजूद रहे।



