पड़ोसी व पति ने पीटा, गंभीर चोट आने से पत्नी की मौत, प्रकरण दर्ज

पीएम रिपोर्ट में मारपीट होने से हुई मौत की पुष्टि, पति गिरफ्तार
ब्यूरो चीफ : संजय द्विवेदी
गैरतगंज । रायसेन जिले के देवनगर थाने के ग्राम महलपुर पाठा में महिला की मौत के मामले में उसके पति और पड़ोसी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। देवनगर पुलिस ने महिला के पति को तो गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पड़ोसी फरार है।
देवनगर थाना प्रभारी नवीन बिलाबलिया ने बताया कि महलपुर पाठा गांव में रहने वाली सरोज बाई पति मनोज आदिवासी के घर में 13 अगस्त को पड़ोसी अशोक पिता मुन्नालाल धानक घुसा था, जिसका सरोज से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद अशोक महिला के साथ मारपीट करके भाग गया। जब शाम को महिला का पति घर आया तो उसने पड़ोसी द्वारा मारपीट करने की बात बताई। पति ने चरित्र शक को लेकर पत्नी की पिटाई लगा दी। इतना ही नहीं तीन दिन तक उसका इलाज भी नहीं कराया। ज्यादा तबीयत बिगड़ने पर परिजन सरोज को 16 अगस्त को इलाज के लिए अस्पताल लेकर आए। इलाज कराकर घर ले गए। शाम को फिर तबीयत खराब होने पर अस्पताल लाते समय उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। 17 अगस्त को महिला का पीएम कराया, जिसमें डॉक्टर ने चोटों के कारण मौत होने की जानकारी दी है। इस आधार पर महिला के पति मनोज आदिवासी और पड़ोसी अशोक धानक के खिलाफ हत्या का प्रकरण कायम किया गया है।



