संगीतमयी श्रीमद भागवत कथा ज्ञान गंगा यज्ञ को लेकर निकाली कलश यात्रा
सिलवानी । संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान गंगा यज्ञ 7 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है जिसको लेकर शनिवार को बाजे गाजों के साथ काठिया मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई जो मुख्य मार्ग से होते हुए कथा स्थल स्टेट बैंक के मंगल भवन पहुँची। यात्रा में बड़ी संख्या में माताएं एवं नगर के धर्मप्रेमी बंधु शामिल हुए।
कलश यात्रा में कन्याएं एवं महिलाएं सिर पर कलश लेकर चल रही थी। मुख्य यजमान तुलाराम कुशवाहा अपने सिर पर श्रीमद् भागवत लेकर चल रहे थे जिसका विभिन्न स्थानों पर धर्म प्रेमी बंधुओ ने भव्य अगवानी करते हुए स्वागत किया। शोभायात्रा में महिला एवं पुरुष व बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए ।
संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान गंगा यज्ञ 7 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। 13 अक्टूबर को शाम प्रसादी भंडारा आयोजित किया जाएगा। जिसमें कथा वाचक पंडित बलराम दीक्षित के श्रीमुख कथा का वाचन किया जाएगा ।
प्रथम दिवस कथा व्यास बलराम दीक्षित ने अपने प्रवचनों में उपस्थित श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत पुराण की जानकारी देते हुए कहा कि श्रीमद्भगवत कथा का श्रवण करने से मानव जीवन में एक जन्म नहीं अपितु हमारे कई जन्मों के पापों का नाश होने के साथ ही हमारे शुभ कर्मों का उदय होता है। कथा सुनने मात्र से जीव जन्म और मरण के बंधन से मुक्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि पित्र पक्ष में श्रीमद् भागवत कथा के श्रवण से पितरों को मुक्ति मिलती है इसलिए अधिक से अधिक संख्या में लोग भागवत कथा का श्रवण कर धर्म लाभ उठाए।



