शांति समिति की बैठक में त्योहारों पर चर्चा, एसडीएम ने दिए व्यवस्थाएं करने के निर्देश

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । रायसेन जिले के बेगमगंज थाना परिसर में आगामी त्यौहारों को लेकर शांति समिति की बैठक एसडीएम सौरभ मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई । विशेष रूप से एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव, तहसीलदार एसआर देशमुख, टीआई संतोष सिंह ठाकुर, खंड चिकित्सा अधिकारी दिनेश गुप्ता, डिप्टी रेंजर एसएल डाबर, सीएमओ कृष्णकांत शर्मा, जनपद से लक्ष्मीनारायण रजक एवं विद्युत अधिकारी आदि अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
बैठक में श्री गणेश चतुर्थी, पर्यूषण पर्व, डोल ग्यारस आदि त्योहारों को लेकर चर्चा की गई त्योहारों पर व्यवस्थाएं करने के निर्देश एसडीएम द्वारा संबंधित विभागों को दिए गए वहीं कार्यक्रम संपन्न कराने में गणेश उत्सव समितियां का सहयोग भी अपेक्षित किया गया।
हिंदू उत्सव समिति के महामंत्री महेश नेमा ने बताया की 7 सितंबर से शहर के करीब 30 स्थान पर स्थापना गणेश जी की जाएगी, 14 सितंबर को डोल ग्यारस का मुख्य कार्यक्रम गांधी बाजार में मनाया जाएगा शहर के विभिन्न मंदिरों से विमान वहां पर पहुंचेंगे कार्यक्रम में विभिन्न अखाड़े भजन मंडलियां भी शामिल होंगी, 17 सितंबर को विसर्जन चल समारोह दशहरा मैदान से 1 बजे प्रारंभ होगा जहां शहर की सभी श्री गणेश झांकियां अपनी मूर्तियां लेकर पहुंचेंगे।
वही जैन समाज की ओर से जयकुमार जैन ने जानकारी दी कि बड़े मंदिर और हदाईपुर मंदिर में पर्यूषण पर्व 7 सितंबर से शुरू होगा 17 सितंबर को घट यात्रा के साथ समापन किया जाएगा। इस दौरान सुबह आरती और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम दोनों ही स्थान पर आयोजित किए जाएंगे।
एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव ने शासन की गाइडलाइन बताते हुए कहा की शहर में जितनी भी गणेश झांकियां स्थापित होंगी उनमें रात्रि में दो लोग जागेगें उनके नाम और नंबर उपलब्ध कराए जाएं और चल समारोह में भी यही व्यवस्था कायम रखी जाएगी, किसी तरह के आपत्तिजनक गाने भजन नहीं बजाए जाएंगे जिसका समर्थन सभी ने किया।
हथियारों के प्रदर्शन पर प्रतिबंध, विसर्जन से तीन दिन पहले शाम से पुराना बस स्टैंड से कबीट चौराहे तक बड़े वाहनों का प्रवेश को प्रतिबंधित रखने, चल समारोह के अलावा अलग से झांकियां नहीं ले जाने पर अंकुश लगाने पर भी सभी ने समर्थन किया।
त्योहार के समय दुकानों का समय रात 11 तक करने के सुझाव पर भी विचार विमर्श किया गया चल समारोह मार्गों पर बिजली की लाइनों को ऊंचा करने के निर्देश दिए गए। वही त्योहारों के मद्देनजर कबीट चौराहा और मकबरा पॉइंट पर पुलिस जवान तैनात करने साथ ही नगर रक्षा समिति और वन विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए। विसर्जन घाट ऊपर नशा करके जाने वालों पर समिति द्वारा प्रतिबंध लगाने के साथ ही पुलिस की पहली नजर ऐसे लोगों पर रखी जाने की बात कही गई। सभी से मिलजुल का त्यौहार मनाने और विसर्जन जल समारोह में सभी जनप्रतिनिधियों के शामिल होने का आग्रह किया गया।



