सिलवानी के 11 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान

सिलवानी। प्रेम-सुंदर फाउंडेशन द्वारा रायसेन में आयोजित ‘मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह’ में सिलवानी विधानसभा क्षेत्र के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के टॉपर छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ाना था।
इस समारोह में विकासखंड सिलवानी से कक्षा 10वीं एवं 12वीं के कुल 11 मेधावी विद्यार्थी शामिल हुए। इनमें सांदीपनि विद्यालय, सिलवानी के सर्वाधिक चार विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि, “मेरा तुमसे है पहले का नाता कोई, यूँ ही नहीं दिल लुभाता कोई…”। उन्होंने कहा कि मामा का रिश्ता केवल संबोधन भर नहीं, बल्कि माँ के आँचल और पिता के कंधे जैसा स्नेह और विश्वास का रिश्ता है।
चौहान ने कहा कि सरकार की योजनाओं के साथ-साथ ऐसे प्रयास भी आवश्यक हैं, जो बच्चों के जीवन को बेहतर बना सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से एकाग्रचित्त होकर पढ़ाई करने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि वे पूरी मेहनत और लगन से अध्ययन करेंगे तो जीवन में किसी भी ऊँचाई को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से इस वर्ष से 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने की पहल की गई है।
उन्होंने कहा कि यह समारोह केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा और मेहनत का सम्मान नहीं, बल्कि उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का भी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता, गुरुजनों, परिवार, क्षेत्र और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
समारोह में पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, प्रभुराम चौधरी, सुरेंद्र पटवा, राकेश शर्मा, यशवंत मीणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सिलवानी से मेधावी विद्यार्थियों के दल को रायसेन के लिए दल प्रभारी शिक्षक मयंक रघुवंशी के नेतृत्व में रवाना किया गया। रवाना करने के अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी रूपेंद्र ठाकुर, सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य एन.पी. शिल्पी, स्वतंत्र राय, मनीष भार्गव, महेंद्र यादव, पप्पू नेमा, मोहन सिंह धाकड़ तथा शिक्षिका मंजू यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।



