सेल्समैन ने गरीबों के राशन में डाला डाका, ग्रामीण परेशान
रिपोर्टर : हरिकान्त विश्वकर्मा
सुल्तानगंज । जनपद पंचायत बेगमगंज की ग्राम पंचायत पड़रिया राजाधार में गरीबों के राशन पर डाका डला है। सेल्समैन ने मार्च माह का राशन वितरण नहीं किया जिसके बाद अब गरीब हितग्राही राशन के लिए आंदोलन करने का मन बना रहे हैं।
ग्राम पंचायत पड़रिया राजाधार के अंतर्गत आने वाले गांव खिरिया, मढ़देवरा, सकरदा, ककरुआ और पड़रिया राजाधार इन पांच गांव में निवास करने वाले हजारों गरीबों का मार्च माह का राशन का वितरण नहीं किया गया है। जिससे गरीब परिवारों के लिए भूखे मरने की नौबत आ गई है। अब सभी लोग एकजुट होकर प्रशासन से राशन की मांग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि सेल्समैन की लापरवाही के कारण गरीबों को राशन नहीं मिल पाया, लगातार दो माह से ग्रामीणों द्वारा शिकायत करने के बाद बुधवार के दिन खाद्य विभाग की जेएसओ पूर्णिमा श्रीवास्तव पड़रिया राजाधार पहुंची और शिकायत कर्ताओं के कथन लिए वही पाचों गांव के लोगों से पूछताछ कर पंचनामा बनाया । जांच में सामने आया की शिकायत कर्ताओं द्वारा शिकायत सही की गई है। वही विनय विश्वकर्मा ने जेएसओ पूर्णिमा श्रीवास्तव पर सेल्समेन का बचाव करने का आरोप लगाया हैं।
ग्रामीणों ने सेल्समैन के खिलाफ लगाये नारे
जांच करने पहुंची खाद्य अधिकारी पूर्णिमा श्रीवास्तव व सेल्समैन के समक्ष ही ग्रामीण हितग्राहियों ने सेल्समैन के खिलाफ नारेबाजी की और खाद्य अधिकारी से सेल्समैन के ऊपर सख्त कार्यवाही करने की मांग की।
इस संबंध में खाद्य अधिकारी पूर्णिमा श्रीवास्तव का कहना है कि पड़रिया राजाधार ग्राम पंचायत के अधिकांश हितग्राहियों को मार्च माह का राशन नही मिला हैं। जांच प्रतिवेदन एवं शिकायतकर्ता हितग्राहियों के कथन अग्रिम कार्रवाई के लिए अधिकारियों भेजा जाएगा, वही कार्यवाही करेंगे।





