मध्य प्रदेश

स्वास्थ्य मंत्री के विस क्षेत्र में भाजपा का परचम, विषम स्थिति में भी ग़ैरतगंज में बने भाजपा के निर्विरोध अध्यक्ष, उपाध्यक्ष

गैरतगंज नगर परिषद में जिनेश सिंघई अध्यक्ष, अशोकसिंह ठाकुर उपाध्यक्ष बने
जनपद पंचायत के बाद नगर परिषद भी निर्विरोध

गैरतगंज। स्वास्थ्य मंत्री डा. प्रभुराम चौधरी के विस क्षेत्र अंतर्गत गैरतगंज नगर परिषद में भाजपा ने परचम फहरा दिया है। नगर परिषद में भाजपा के कुल 3 पार्षद होने एवं विषम स्थिति के बाद भी भाजपा के जिनेश सिंघई अध्यक्ष एवं अशोकसिंह ठाकुर उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। जनपद पंचायत के बाद नगर परिषद में भी भाजपा के प्रतिनिधि निर्विरोध बनने से स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा का दबदबा कायम रहा है।
नगर परिषद गैरतगंज के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव बुधवार को कराए गए। एक दिन पहले ही इस चुनाव के लिए जमावट का दौर शुरू हो गया था। स्वास्थ्य मंत्री डा. प्रभुराम चौधरी की गृह विधानसभा होने की वजह से वे स्वयं इस चुनाव की मॉनिटरिंग कर रहे थे। भाजपा के पास 15 में से कुल 3 पार्षद विजयी हुए थे। 3 कांग्रेस एवं 9 निर्दलीयों के हाथ चुनाव की कमान थी। गैरतगंज नगर परिषद का चुनाव भाजपा के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था। इसके अलावा भाजपा से विजयी तीनों पार्षदों के अध्यक्ष पद का दावेदार हो जाने से परिस्थितियां विषम हो गईं थीं। ऐंसे में स्वास्थ्य मंत्री डा. प्रभुराम चौधरी ने निर्णायक की भूमिका अदा करते हुए आम राय बनाई तथा भाजपा से अधिकृत प्रत्याशी के रूप में अध्यक्ष हेतु जिनेश सिंघई एवं उपाध्यक्ष हेतु अशोकसिंह ठाकुर की घोषणा की गई। एक दिन पहले ही इसकी पूरी जमावट कर ली गई। एन चुनाव के वक्त केवल एक एक ही आवेदन दोनों पदों पर जमा किए गए तथा अध्यक्ष पद हेतु जिनेश सिंघई एवं उपाध्यक्ष पद पर अशोकसिंह ठाकुर का निर्विरोध निर्वाचन हो गया।
स्वास्थ्य मंत्री के साथ निकाला विजयी जुलूस, उमड़ा जनसैलाब
नगर परिषद चुनाव में जिनेश सिंघई के अध्यक्ष एवं अशोकसिंह ठाकुर के उपाध्यक्ष बनने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डा. प्रभुराम चौधरी गैरतगंज पहुंच गए तथा उन्होंने विजयी हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी तथा साथ में विजयी जुलूस में शामिल हुए। अध्यक्ष उपाध्यक्ष के विजयी जुलूस में मानो जनसैलाब उमड़ पड़ा। पीठासीन अधिकारी एसडीएम रवीश श्रीवास्तव द्वारा निर्वाचन की घोषणा होने के साथ ही नप कार्यालय के सामने आतिशबाजी चलने एवं ढोल नगाड़े बजने का दौर शुरू हो गया। विजयी जुलूस का जगह जगह भव्य स्वागत किया गया। विजयी जुलूस पूरे नगर में निकाला गया।
मंत्री और अध्यक्ष को मिठाई से तौला
जुलूस के दौरान स्वास्थ्य मंत्री एवं नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बसस्टैंड पर मिठाई से तौला गया। उत्साहित कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने मिठाई से तौलकर बधाई दी।
जनपद के बाद नगर परिषद भी भाजपा के लिए निर्विरोध
जनपद पंचायत में बीते पखवाड़े निर्विरोध रूप से भाजपा के विजय पटेल जनपद अध्यक्ष एवं नीतू नीरज जैन उपाध्यक्ष बने थे। दोनों ही स्वास्थ्य मंत्री के कट्टर समर्थक हैं। वहीं अब नगर परिषद में भी दोनों पदों पर भाजपा ने निर्विरोध रूप से कब्जा जमा लिया है। लगातार दूसरी बार यहां भाजपा की परिषद बनी है। इन चुनावों से स्वास्थ्य मंत्री का दबदबा पुनः कायम हुआ है।

Related Articles

Back to top button