हाईवा ने तीन बाइक सवार युवकों को कुचला, दो की मौत तीसरा गंभीर

बरही के खन्ना गांव के पास हुआ भीषण हादसा
ब्यूरो चीफ : सतीश चौरसिया
कटनी । कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र के ग्राम खन्ना के समीप बरही डोकरिया मार्ग पर गत देर रात तेज रफ्तार से जा रहे डंपर ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंद डाला। हादसे में एक ही गांव के दो युवकों की घटनास्थल पर मौत हो गई जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां से उसकी गंभीर हालत के कारण उसको मेडिकल कॉलेज जबलपुर भेज दिया गया है।
इस संबंध में बरही थाना प्रभारी अरविंद चौबे ने बताया कि शुक्रवार रात लगभग 10:30 बजे ग्राम डोकरिया निवासी 22 वर्षीय रामप्यारी पिता सुबह लाल कुशवाहा एवं ग्राम डोकरिया निवासी 24 वर्षीय रामलाल पिता सियाराम कुशवाहा अपने एक अन्य साथी के साथ गांव वापस जा रहे थे। इसी बीच बरही डोकरिया मार्ग पर ग्राम खन्ना के समीप एक हाईवा चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवार युवकों को कुचल दिया। हादसे में डोकरिया निवासी राम प्यारे एवं रामलाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि कोटिया महगवां निवासी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए बड़ी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में भी उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया गया।



