21 मकान जमींदोज, 5 टीनशेड गिराए, 150 लीटर शराब जब्त, 19 पर नामजद एफआइआर
नशे का नाश… माफियाराज पर चला बुलडोजर
अवैध कारोबार पर बरसने लगा प्रशासन का डंडा
400 पुलिस जवान कलेक्टर और एसपी के नेतृत्व में सुबह से शाम तक डटे रहे
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
राजगढ़ । माफियाओं पर शिकंजा कसने मुख्यमंत्री के दिए बयान के बाद जिले के अफसर जागे और नशे के खिलाफ मुहिम छेड़ दी। माफियाराज पर शासन का बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया। नशे का नष्टीकरण होने लगा। इसी क्रम में गुरुवार को जिले में नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई हुई। 400 पुलिसकर्मियों के साथ आबकारी विभाग, नपा और राजस्व विभाग ने अवैध शराब का गढ़ कहे जाने वाले गुलखेड़ी गांव में दबिश दी। भारी पुलिस बल के साथ अभियान का नेतृत्व कलेक्टर, एसपी और एडीएम ने खुद किया। सुबह 6 बजे से ही पूरी टीम के साथ रात तक खड़े रहे। अपने सामने शराब माफियाओं के नशे की नर्सरी को नष्ट किया।
12000 लीटर महुआ लहान नष्ट किया। 21 मकान जमींदोज किए, 16 पक्के और 5 टीनशेड पर बुलडोजर चलाया। 150 लीटर देशी विदेशी शराब जब्त। 19 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया। माफियाराज पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई। इससे पहले हाल ही में कटारियाखेड़ी गांव में एक दर्जन मकानों को तोड़ते हुए वहां से लाखों रुपए की शराब और शराब बनाने की सामग्री जब्त की गई थी।
इस तरह बिछाया जाल… सबकुछ सीक्रेट रखा
एसपी अवधेश कुमार गोस्वामी ने अलग-अलग थानों की पुलिस को एक साथ पचोर बुलाया और कार्रवाई कहां की जानी है, इसकी जानकारी पुलिसकर्मियों को नहीं दी थी। सुबह 5 बजे सभी को लाइनअप कराते हुए दल-बल के साथ सीधे बोड़ा थाने पहुंचे और यहां से गुलखेड़ी गांव पर दबिश दी। सुबह होते ही गांव में भारी पुलिस को देखते हुए कई अपराधिक प्रवृत्ति से जुड़े हुए आरोपी भाग गए या घरों से निकले ही नहीं। शासकीय भूमि में लगातार अतिक्रमण कर बनाए जा रहे मकानों में अवैध शराब रखी थ्री। इसके अलावा लाखों रुपए का महुआ लहान भी रखा था। जिसे नष्ट किया गया। सुबह से शुरू हुई यह कार्रवाई शाम को भी जारी थी।
गुलखेड़ी में कार्रवाई 12000 लीटर महुआ लहान नष्ट की।
21 मकान जमींदोज, 16 पक्के और 5 टीनशेड गिराए।
150 लीटर देशी-विदेशी शराब जब्त। 07 पक्के मकान दूधी में गिराए।




