देवोत्थानी एकादशी पर 365 दीपों से महाआरती, कन्या पूजन का भव्य आयोजन

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । देवोत्थानी एकादशी का पावन पर्व भुड़सा स्थित महाशक्ति धाम में श्रद्धा, भक्ति के साथ मनाया गया ।
इस अवसर पर मातृभूमि आरोग्य व आध्यात्मिक सेवा कुंज भुड़सा के सौजन्य से भगवान श्रीहरि विष्णु के योगनिद्रा से जागरण के पावन अवसर पर 365 दीपकों से भव्य महाआरती एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए । दीपों की अलौकिक रोशनी से महाशक्ति धाम का वातावरण भक्तिमय हो उठा । श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीहरि विष्णु एवं मां महाशक्ति की आराधना कर विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि एवं जनमानस के आरोग्य की मंगलकामना की ।
आयोजन में भारतीय सनातन परंपरा के अनुरूप कन्या पूजन एवं मातृशक्ति वंदन को विशेष महत्व प्रदान किया गया । कन्याओं का पूजन कर उन्हें आदर एवं सम्मान दिया गया । इस अवसर पर बेटियों के संरक्षण, शिक्षा, संस्कार एवं सम्मान का प्रेरणादायी संदेश भी दिया गया ।
आचार्य राजा भैया सोनी शिक्षक ने बताया कि देवोत्थानी एकादशी केवल भगवान के जागरण का पर्व नहीं, बल्कि मानव जीवन में सोई हुई चेतना, सद्भावना, सेवा और सत्कर्मों को जागृत करने का महापर्व है । भारतीय संस्कृति में कन्या को साक्षात् मातृशक्ति का स्वरूप मानकर उसकी पूजा की जाती है। यह सम्मान केवल पूजा तक सीमित न रहे, बल्कि समाज में प्रत्येक बेटी को समान अधिकार, सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान मिले ।
उन्होंने कहा कि विगत तीन दशकों से प्रतिदिन आजीवन त्रिकाल कौमारी पूजन का पवित्र संकल्प निरंतर संचालित है । इसका मूल उद्देश्य संपूर्ण सृष्टि की बेटियों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और सेवा की भावना जागृत करना है ।
कार्यक्रम का समापन भगवान श्रीहरि के चरणों में विश्व शांति, मानव कल्याण एवं सर्वमंगल की प्रार्थना के साथ हुआ ।



