मध्य प्रदेशराजनीति

लालपुर से तिलमन तक 5 किमी सड़क निर्माण के लिए विधायक ने लिखा लोक निर्माण मंत्री को पत्र

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनके निराकरण के लिए प्रयासरत सिलौंडी भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष बागरी लगातार ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं को लेकर विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह का ध्यान आकर्षित कराते रहे हैं । इसी क्रम में उन्होंने जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के अंतर्गत ग्राम पंचायत लालपुर से ग्राम तिलमन तक पहुंच मार्ग की बदहाल स्थिति से बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह को अवगत कराया और मार्ग निर्माण की मांग रखी ।
मनीष बागरी द्वारा जनहित से जुड़ी इस समस्या को विधायक के संज्ञान में लाए जाने पर विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने भी तत्परता दिखाते हुए मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह को पत्र लिखकर समस्या के निराकरण की मांग की है ।
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि ग्राम पंचायत लालपुर से ग्राम तिलमन तक पहुंच मार्ग काफी खराब हो चुका है । सड़क की जर्जर स्थिति के कारण क्षेत्र के आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूली छात्र-छात्राओं को भी आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । बरसात के दिनों में ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं । इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को रोजाना असुविधा झेलनी पड़ रही है ।
विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह से लालपुर से तिलमन तक लगभग 5 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान करने का विनम्र आग्रह किया है, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके ।
सिलौंडी भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी ने बताया कि ग्रामीणों की परेशानियों को विधायक तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए पहल करना उनकी प्राथमिकता है ।

Related Articles

Back to top button