दिव्यांग राजकुमारी को मिलेगा पीएम आवास योजना का फायदा
कलेक्टर के निर्देश पर पीओ डूडा अधिकारी ने दिव्यांग आवेदिका के पास पहुंचकर लिया आवेदन
हाल-ए-जनसुनवाई…..
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर अरविन्द कुमार दुबे द्वारा लोगों की समस्याओं और शिकायतों पर सुनवाई करते हुए उनका मौके पर ही निराकरण किया गया। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर दुबे को जब दिव्यांग आवेदिका राजकुमारी के संबंध में ज्ञात हुआ तो उन्होंने पीओ डूडा अधिकारी पीके चावला को दिव्ययांग राजकुमारी के पास जाकर समस्या जानते हुए प्राथमिकता के साथ उसका निराकरण करने के आदेश जिम्मेदार अफसरों को दिए।
कलेक्टर दुबे के निर्देशानुसार पीओ डूडा अधिकारी चावला ने दिव्यांग राजकुमारी के पास पहुंचकर आवेदन लिया और उसकी समस्या जानी। श्रीमती राजकुमारी ने बताया कि वह सुल्तानपुर के वार्ड क्रमांक-3 में निवासरत है तथा गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करती है। उसे अभी तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। कच्चा मकान होने के कारण बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पीओ डूडा अधिकारी चावला द्वारा तुरंत सुल्तानपुर नगर परिषद में संबंधित अधिकारी को फोन कर राजकुमारी के संबंध में जानकारी ली गई। जिस पर ज्ञात हुआ कि उनका आवेदन नगर परिषद में जमा नहीं है। पीओ डूडा अधिकारी ने संबंधित अधिकारी को राजकुमारी के घर जाकर प्रधानमंत्री आवास योजना का आवेदन पत्र भरवाते हुए तीन दिवस में कार्यवाही कर प्रेषित करने के लिए कहा। जिससे कि दिव्यांग राजकुमारी को शीघ्रता से योजना का लाभ मिल सके। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर दुबे द्वारा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि दिव्यांग व्यक्ति के जनसुनवाई में आने पर उसके पास पहुंचकर ही आवेदन लिया जाए । वहीं प्राथमिकता के साथ समस्या का निराकरण किया जाए।



