मूर्ति विसर्जन कर लौट रही 40 श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 की मौत
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
रीवा । दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कर 40 श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। 10 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ट्रॉली में 40 लोग सवार थे। सभी नईगढ़ी क्षेत्र के अष्टभुजा माता मंदिर के पास देवलहा नदी में मूर्ति विसर्जन कर लौट रहे थे। घटना बुधवार रात 1.30 बजे सुमेदा गांव के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि हादसा सड़क पर गड्ढे की वजह से हुआ होगा। ट्रैक्टर ड्राइवर के नशे में होने की बात सामने आ रही है।
नईगढ़ी और मऊगंज से 12 एम्बुलेंस 108 मौके पर भेजी गईं। घायलों को मऊगंज सिविल अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया। कलेक्टर मनोज पुष्प ने मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए देने की घोषणा की है।
मऊगंज एसडीओपी नवीन दुबे ने बताया कि कुछ घायलों को मऊगंज अस्पताल और गंभीर घायलों को रीवा के संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने बताया कि रात 2.30 बजे पुलिस के पास एक्सीडेंट की सूचना आई थी। घायलों के इलाज के लिए रात में ही डॉक्टरों की टीम को बुलवा लिया गया था।
इस घटना में राजेश कुशवाहा, अश्विनी पटेल, रामू जगर, तीनो निवासी ग्राम चद्रमौली की मौत हो गई।
गड्ढा हो सकता है हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली थी। जिस जगह हादसा हुआ, वहां रोड में गड्ढा है। शायद इसी वजह से आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन लालगंज के पास एम्बुलेंस काफी देर तक जाम में फंसी रही। ऐसे में दूसरे क्षेत्र की एम्बुलेंस की मांग की गई। तब काफी देर बाद एम्बुलेंस पहुंची थी।
पुलिस ने बताया कि हादसे में प्रभावित सभी लोग चद्रमौली ग्राम के रहने वाले हैं। यह गांव पन्नी पथरिया के नजदीक रतनगवां गांव से लगा हुआ है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली वीरेंद्र पटेल की है। माना जा रहा है कि हादसा ड्राइवर को नींद की झपकी आने से हुआ होगा। हालांकि, पुलिस दूसरे पहलुओं पर भी जांच कर रही है।



