क्राइम

उफनते नाले में पलटी यात्रियों से भरी बस, दो दर्जन यात्री घायल

श्योपुर । उफनती नदी नालों पर लापरवाही से होने वाले हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में उफनते नाले को पार कर रही एक बस नाले में गिर गई जिसमें लगभग दो दर्जन यात्री घायल होने की सूचना मिली। जिनमें से कईयों को श्योपुर जिले के विजयपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर कई ग्रामीण मौजूद थे ऐसे में उन्होंने तुरंत पहुंच कर रेस्क्यू कर लोगों को बस के कांच तोड़कर उससे बाहर निकाला। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यदि नाला बड़ा होता है तो यह हादसा बेहद गंभीर हो सकता था।
ग्वालियर चंबल अंचल में पिछले 4 दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है ऐसे में यहां पर कई नदी नाले उफान पर हैं। शनिवार को मुरैना जिले के सबलगढ़ से एक बस श्योपुर जा रही थी। जानकारी के मुताबिक बस में लगभग 50 से 55 सवारियां सवार थीं। वहीं बारिश से विजयपुर थाना क्षेत्र में ऊंपचा गांव के पास स्थित एक बरसाती नाला उफान पर था। लेकिन ड्राइवर ने सवारियों की जान की परवाह ना करते हुए बस उफनते हुए नाले पर दौड़ा दी। जबकि सवारियों द्वारा उसे ऐसा करने से रोका भी गया। लेकिन ड्राइवर ने किसी की नहीं सुनी और बस को दौड़ाते हुए ले गया। लेकिन अचानक से बस नाले में पलट गई। मौके पर मौजूद कोई व्यक्ति बस को नाला पार करते हुए वीडियो बना रहा था जिसके चलते यह घटना लाइव कैमरे में कैद हो गई। जैसे ही बस नाले में पलटी आसपास मौजूद लोग बस के पास पहुंचे और उन्होंने बस के कांच तोड़कर यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही विजयपुर थाना पुलिस के साथ ही एसडीएम नीरज शर्मा भी मौके पर पहुंच गए।

Related Articles

Back to top button