कृषिमध्य प्रदेश

शासकीय रास्ते पर अतिक्रमण से किसानों का खेत पर जाना बंद रास्ता खुलवाने लगा रहे गुहार

ब्युरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । जब से कंप्यूटर युग आया है और जमीनों का सेटेलाइट सर्वे के बाद मोबाइल पर एप के जरिए जमीन की पैमाइश व चिन्हित करने का काम शुरू हुआ है तब से विवाद कुछ अधिक ही बढ़ गए हैं । एक ताजा मामला पटवारी हल्का क्रमांक 18 फतेहपुर में सामने आया है जहां किसानों ने आरोप लगाया है कि एक आदिवासी द्वारा शासकीय रास्ते पर कब्जा करके खंती खोदकर रास्ता बंद कर दिया गया है । जबकि 2021 में उक्त रास्ते पर पटवारी और आरआई द्वारा संबंधित व्यक्ति का अवैध कब्जा पाते हुए ₹2000 के अर्थदंड से दंडित कर कब्जे से बेदखल किया था। अब उसी जमीन को आदिवासी द्वारा पट्टे की जमीन बताकर कब्जा किया जा है जिससे करीब डेढ़ दर्जन किसान अपने खेत पर किसी सामग्री या वाहन नहीं ले जा पाने के कारण अत्यधिक परेशान हो रहे हैं और रास्ता खुलवाने के लिए तहसीलदार एसडीएम और क्षेत्रीय विधायक से गुहार लगा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम फतेहपुर में अनु वेयरहाउस के साइड से जो शासकीय गोहा खेतों की ओर गया है उस पर डेढ़ दर्जन किसान 50 सालों से आवागमन कर रहे हैं 2020-21 में भी आदिवासी खिलान सिंह सौर पुत्र गणेश प्रसाद सौर द्वारा बागड़ लगाकर रास्ते पर कब्जा किया गया था जिस पर राजस्व अमले द्वारा उक्त भूमि शासकीय बताते हुए अवैध कब्जा धारी के विरुद्ध जुर्माने की कार्यवाही उपरांत कब्जे से बेदखल कल रास्ता प्रारंभ करवाया गया था। लेकिन इस बार फिर उक्त आदिवासी द्वारा उक्त भूमि को अपने पट्टे की जमीन बताकर खंती खोदी जा रही हैं। जिसे करीब डेढ़ दर्जन किसानों के खेत का रास्ता बंद हो जाएगा और कृषि सामग्री व कृषि वाहन किसान अपने अपने खेत तक नहीं ले जा पाएंगे। किसानों का यह भी आरोप है कि जब खिलान सिंह आदिवासी को गड्ढे खोदने से मना किया तो वह लड़ने के लिए तैयार हो गया और अपनी पत्नी बच्चों के साथ लाकर असत्य पर प्रकरण बनवाने की धमकी भी दे रहा है।
किसान ओंकार गौर, कृष्णकुमार गौर, मुन्न लाल रजक, राकेश महाराज, मानसिंह, जगन्नाथप्रसाद पटेल, शंकरलाल नेमा, अंकुर श्रीवास्तव, मुन्नालाल रावत, सुरेशचंद्र गौर, हक्कू आदिवासी, गुलाब रजक, गणेश आदिवासी, रामबाबू आदिवासी, हरि आदिवासी सुखलाल अहिरवार, सेनार आदिवासी, ग्राम चौकीदार व देवलापुर वालों ने क्षेत्रीय विधायक ठाकुर रामपालसिंह राजपूत, एसडीएम अभिषेक चौरसिया, तहसीलदार एनएस परमार को आवेदन देकर कृषि भूमि पर जाने वाले रास्ते पर किए जा रहे अतिक्रमण को तत्काल रुकवा कर रास्ता खुलवाने की गुहार लगाई है।
इस संबंध में हल्का पटवारी मनीष चौरसिया का कहना है कि जिस अतिक्रमण की भूमि पर संबंधित के खिलाफ जुर्माना लगाया गया था वह दूसरी है जहां वह खंती खोद रहा है वह जमीन उसकी पट्टे की है उसके साइड से किसानों को रास्ता दिया जा रहा है।
इस संबंध में तहसीलदार एन एस परमार का कहना है कि खिलान सिंह सौर का उक्त जमीन को लेकर 3 साल से प्रकरण चल रहा है नोटिस जारी किए गए हैं। किसानों के लिए रास्ता दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button